विनेश फोगाट की बढ़ी मुश्किलें, डोप टेस्ट के लिए मौजूद न रहने पर मिला नोटिस
punjabkesari.in Wednesday, May 06, 2026 - 03:08 PM (IST)
हरियाणा डेस्क: पहलवान विनेश फोगाट की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इंटरनेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने विनेश को डोपिंग टेस्ट में शामिल न होने के कारण नोटिस भेजा है। ITA ने 18 दिसंबर 2025 को उन्हें बेंगलुरु में डोप टेस्ट के लिए बुलाया था, लेकिन वे उस समय शामिल नहीं हुई थीं। जारी नोटिस में कहा गया है कि विनेश ने पिछले एक साल में पहली बार "व्हेयरअबाउट्स" नियम तोड़ा है। विनेश को 7 मई तक जवाब देने को कहा गया है।
बताया जा रहा है कि विनेश फोगाट को अभी सिर्फ चेतावनी दी गई है, लेकिन अगर विनेश एक साल में तीन बार टेस्ट मिस करती हैं या अपनी जानकारी नहीं देती हैं, तो उन पर दो साल तक का बैन लग सकता है।
विनेश का जो डोप टेस्ट होना था वह आउट ऑफ कॉम्पिटीशन था। यह टेस्ट प्रतियोगिता के दौरान नहीं, बल्कि ऑफ सीजन यानी प्रतियोगिता से अलग सामान्य समय में किया जाता है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि खिलाड़ी किसी भी तरह के प्रतिबंधित पदार्थ का सेवन नहीं कर रहे हैं। पहलवानों के समय-समय पर आउट ऑफ कॉम्पिटीशन टेस्ट किए जाते हैं। विनेश ने बताया था कि वह हरियाणा में जुलाना से कांग्रेस विधायक हैं। 18 दिसंबर 2025 को वह विधानसभा के शीतकालीन सत्र में जाने के लिए बेंगलुरु से चंडीगढ़ की यात्रा कर रही थीं। उन्होंने अपनी नई पारिवारिक जिम्मेदारियों और हाल ही में हुए बच्चे के जन्म का भी हवाला दिया।