एक्शन में गुड़गांव DC, NHAI को नोटिस, 15 दिन में दुरुस्त करें सड़कें

punjabkesari.in Tuesday, Apr 28, 2026 - 05:04 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): डीसी उत्तम सिंह ने जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं सुरक्षित स्कूल वाहन नीति के संबंध में लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर सभी आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएं।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।

 

एनएचएआई को नोटिस जारी करने के निर्देश

एनएचएआई के प्रमुख मार्गों पर सड़कों में गड्ढों तथा सर्विस रोड पर आवश्यक सुविधाओं के अभाव को गंभीरता से लेते हुए डीसी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि एनएचएआई को निर्धारित धाराओं के तहत नोटिस जारी किया जाए। नोटिस में 15 दिनों की समय-सीमा निर्धारित की जाए और स्पष्ट किया जाए कि निर्धारित अवधि में कार्य पूरा न होने की स्थिति में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिले में जहां-जहां एनएचएआई द्वारा निर्माण कार्य किया जा रहा है, वहां सर्विस रोड को दुरुस्त रखा जाए। साथ ही, जब तक निर्माण कार्य पूर्ण नहीं हो जाता, तब तक धूल वाले स्थानों पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को असुविधा न हो।

 

ट्रैफिक नियमों की अवहेलना पर सख्ती, 62 हजार से अधिक चालान

सड़क सुरक्षा बैठक के दौरान प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार 24 फरवरी 2026 से 19 मार्च 2026 की अवधि में कुल 62,656 चालान किए गए। इनमें बिना हेलमेट वाहन चलाने के 10,001, पिलियन राइडर बिना हेलमेट के 9,820, गलत पार्किंग के 7,179 तथा गलत दिशा में वाहन चलाने के 6,018 मामले प्रमुख रहे। इसके अलावा सीट बेल्ट न लगाने के 3,508, लेन बदलने के 2,586, ओवरस्पीड के 1,624 और ड्रिंक एंड ड्राइव के 1,533 चालान किए गए। प्रदूषण प्रमाण पत्र न होने के 1,281, नो एंट्री उल्लंघन के 1,286, मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन चलाने के 230, रेड लाइट जंप के 67 तथा स्कूल बस उल्लंघन के 121 मामले दर्ज किए गए, जबकि अन्य श्रेणी में 17,520 चालान किए गए। बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि हाईवे पर गलत पार्किंग के 749 चालान किए गए। इसके अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस ने 1,439 ड्राइविंग लाइसेंस को सस्पेंड करने की सिफारिश की है।

 

दुर्घटना संभावित स्थलों के लिए नागरिक सदस्यों से सुझाव आमंत्रित

डीसी ने कहा कि सड़क सुरक्षा समिति के नागरिक सदस्य भी अगली बैठक में अपने महत्वपूर्ण सुझाव लेकर आएं, ताकि जिले में चिन्हित दुर्घटना संभावित स्थलों पर समय रहते आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा सकें। उन्होंने कहा कि नागरिकों के अनुभव और सुझाव जमीनी स्तर पर समस्याओं की पहचान करने में सहायक होंगे, जिससे प्रभावी कदम उठाकर दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

 

स्कूलों के बाहर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश

डीसी ने स्कूलों के बाहर विद्यार्थियों के सुरक्षित आवागमन को लेकर शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि सभी स्कूलों से यह जानकारी प्राप्त की जाए कि उनके परिसर के बाहर सड़क की स्थिति कैसी है तथा स्पीड ब्रेकर जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं या नहीं। उन्होंने कहा कि जहां ऐसी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं, ताकि छात्रों की सुरक्षा को पुख्ता किया जा सके।

 

बैठक में एडीसी सोनू भट्ट, डीसीपी ट्रैफिक प्रतीक गहलोत, अतिरिक्त निगम आयुक्त रविंद्र यादव, एसडीएम बादशाहपुर संजीव सिंगला, एसडीएम गुरुग्राम हितेंद्र कुमार, एसडीएम पटौदी दिनेश लुहाच, एसडीएम सोहना अखिलेश यादव,, एसीपी ट्रैफिक सत्यपाल यादव, एडीटीओ हरेंद्र वीर, समिति के नागरिक सदस्य बोधराज सीकरी, एनएचएआई के अधिकारी सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static