जॉर्जिया से डिपोर्ट हुआ 2 लाख का इनामी बदमाश वेंकट गर्ग,बसपा नेता हरबिलास हत्याकांड का मुख्य आरोपी

punjabkesari.in Thursday, Jun 11, 2026 - 05:29 PM (IST)

अंबाला(अमन): हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। हरियाणा और पंजाब में आतंक का पर्याय बन चुके और 2 लाख रुपये के इनामी गैंगस्टर वेंकट गर्ग को जॉर्जिया से डिपोर्ट (प्रत्यर्पण) कर भारत लाया गया है। दिल्ली के आईजीआई (IGI) एयरपोर्ट पर उतरते ही हरियाणा STF की टीम ने उसे अपनी हिरासत में ले लिया।

वेंकट गर्ग अंबाला के नारायणगढ़ का रहने वाला है और वह इलाके के बहुचर्चित बहुजन समाज पार्टी (बसपा) नेता हरबिलास हत्याकांड का मुख्य आरोपी है। इस हत्याकांड के बाद से ही वह पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए फर्जी दस्तावेजों के सहारे विदेश भाग गया था।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वेंकट गर्ग जॉर्जिया में बैठकर डिजिटल माध्यमों से हरियाणा और पंजाब में अपना आपराधिक नेटवर्क चला रहा था। वह सोशल मीडिया और अन्य जरियों से स्थानीय युवकों को बहला-फुसलाकर अपने जाल में फंसाता था।  वह इन युवाओं को हथियारों का लालच देकर व्यापारियों और राजनेताओं पर गोलियां चलवाने का काम सौंपता था। अंबाला और नारायणगढ़ में हाल के दिनों में हुई कई फायरिंग की घटनाओं के पीछे इसी का हाथ था।

30 से अधिक मामलों में था वांछित
गैंगस्टर वेंकट पर हरियाणा और पंजाब के विभिन्न थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी और आर्म्स एक्ट के तहत 30 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसकी लगातार बढ़ती आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए हरियाणा पुलिस ने उस पर 2 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static