बारिश ने गुड़गांव को कर दिया पानी-पानी, फिर फेल हुए दावे

punjabkesari.in Monday, Aug 24, 2026 - 02:54 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): दो दिन से पड़ रही उमस भरी गर्मी से आज गुड़गांव वासियों को राहत मिल गई। इस राहत भरी बारिश ने गुड़गांव को पानी-पानी कर दिया। वहीं, जलभराव रोकने को लेकर हुए दावों की भी पोल खुल गई। शहर में जगह-जगह हुए जलभराव के कारण वाहनों की लंबी कतार लगनी शुरू हो गई। मौके की नजाकत को देखते हुए नगर निगम अधिकारियों सहित अन्य विभागों के अधिकारियों ने तुरंत ही टीमों को मौके पर भेज दिया। वहीं, ट्रैफिक जाम न हो इसके लिए भी ट्रैफिक पुलिस ने पुलिसकर्मियों को सड़कों पर उतारने का दावा किया है।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

PunjabKesari

 

सोमवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे शहर में बूंदाबांदी शुरू हो गई। कुछ ही मिनटों में यह बूंदाबांदी मूसलाधार बारिश में बदल गई और शहर की सड़कें दरिया बननी शुरू हो गई। करीब दो घंटे तक हुई बारिश ने पूरे शहर को जलमग्न कर दिया। जलभराव के कारण वाहनों की कतारें लगनी शुरू हो गई। दोपहर को स्कूल की छुट्टी होने के बाद स्थिति गंभीर होने लगी और स्कूल बस सहित छात्रों को भी इस जलभराव और जाम से जूझना पड़ा। वहीं, इस जाम और जलभराव से एंबुलेंस भी अछूती नहीं रही और जाम में फंसी रही।

 

PunjabKesari

वहीं, नगर निगम कमिश्नर भी बारिश और जलभराव को देखते हुए सड़कों पर उतर आए और जल निकासी प्रबंधों का जायजा लेने लगे। अधिकारियों ने मुख्य सड़कों ओर नेशनल हाइवे के तो हालातों का जायजा लिया, लेकिन जलभराव के प्रमुख स्थानों की तरफ कोई ध्यान नही दिया जिसके कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के बाद जहां सेक्टर-55 एरिया में लोगों के घरों तक पानी प्रवेश करने लगा वहीं, दूसरी तरफ कई स्थानों पर गाड़ियां पानी में तैरने लगी। पुराना दिल्ली रोड, सिविल लाइन्स, गोल्फ कोर्स रोड, सोहना रोड, कादीपुर रोड, सोहना रोड, मदनपुरी, धनवापुर रोड, लक्ष्मण विहार, अर्जुन नगर, ज्योति पार्क, बसई रोड, सेक्टर-9, सेक्टर-7, पटेल नगर, सेक्टर-15 सहित अन्य स्थानों पर जलभराव हो गया। 

 

PunjabKesari

 

वहीं, बारिश के कारण हुए जलभराव से दिल्ली जयपुर एक्सप्रेसवे पर जाम लग गया जिसमें वाहन चालकों को परेशान होना पड़ा। दिल्ली जयपुर एक्सप्रेसवे पर सिग्नेचर टाचर से हीरो होंडा चौक की तरफ जाने वाले वाहन रेंगने को विवश हो गए। 15 मिनट का सफर को तय करने में 50 मिनट से ज्यादा का समय लगा। गुड़गांव में होने वाली बारिश के बाद जाम लगना आम बात हो गई है। इसी तरह का नजारा साइबर सिटी में भी देखने को मिल रहा है जहां वाहन चालकों को रेंगना पड़ रहा है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

static