परेशानी में किसान: गेहूं की फसल पक कर तैयार, मंडियों में नहीं है अभी इंतजाम
punjabkesari.in Saturday, Mar 26, 2022 - 11:40 AM (IST)

यमुनानगर (सुरेंद्र मेहता): हरियाणा के कई इलाकों में गेहूं की फसल पक कर तैयार है, लेकिन अभी अधिकांश अनाज मंडियों में इसके लिए तैयारियां नजर नहीं आ रही। ऐसे ही कुछ हालात यमुनानगर जिला सचिवालय के सामने स्थित मंडी के हैं। इस मंडी में अभी भी ना तो सफाई की तरफ ध्यान दिया गया है ना पानी निकासी के लिए कोई बंदोबस्त किया गया है। मंडी की कुछ सड़कों में पैच वर्क जरूर हुआ है।
आढ़तियों व किसानों का कहना है कि धान की फसल उठने के बाद मंडी में एक बार भी सफाई नहीं हुई। जिसके चलते मंडी में चारों ओर गंदगी नजर आती है। उन्होंने कहा कि सफाई के लिए ठेकेदार नियुक्त किए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद कभी सफाई होती नजर नहीं आई। यमुनानगर जिला में कई इलाकों में फसल पक कर तैयार है। हालांकि विधिवत रूप से अधिकांश लोग वैशाखी पर फसल की कटाई शुरू करते हैं। लेकिन इस बार गर्मी पहले आने से फसल जल्दी पकने लगी है। हालांकि जल्दी फसल पकने से उसकी पैदावार भी प्रभावित होगी। प्रति एकड़ पहले से कम गेहूं निकलेगी, लेकिन यह सब प्राकृतिक है। फसल तैयार है तो उसे समय पर काटना ही पड़ेगा। सरकार ने हालांकि सभी मंडियों में तैयारियों के आदेश दिए हैं, लेकिन धरातल पर तैयारियां नजर नहीं आती।
उपायुक्त पार्थ गुप्ता ने बताया कि अधिकारियों को सीजन से पहले सभी तैयारियां पूरी करने के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर 80% से अधिक रजिस्ट्रेशन हो चुकी है। और पिछली बार की तरह इस बार भी खरीद पोर्टल के अनुसार ही की जाएगी।