वादा है वादा! डेढ़ साल पहले किसान से कही थी एक बात, अब सोनीपत पहुंचकर राहुल गांधी ने जीत लिया सबका दिल"

punjabkesari.in Tuesday, Mar 10, 2026 - 11:25 AM (IST)

गोहाना (सुनील जिंदल): राजनीति में अक्सर वादे किए जाते हैं और भूल जाते हैं, लेकिन सोनीपत के गोहाना स्थित मदीना गांव में शनिवार को एक अलग ही नजारा देखने को मिला। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने करीब डेढ़ साल पहले एक किसान से किया अपना निजी वादा निभाते हुए सबको हैरान कर दिया। वे अचानक किसान संजय मलिक की बेटी की शादी में शामिल होने मदीना पहुंचे।

खेतों से शुरू हुआ था यह रिश्ता
इस कहानी की शुरुआत जुलाई 2023 के मानसून में हुई थी। तब राहुल गांधी दिल्ली से शिमला जा रहे थे, लेकिन रास्ते में मदीना गांव के पास खेतों में काम कर रहे किसानों को देख उन्होंने अपना काफिला रुकवा दिया था। राहुल ने न केवल किसान संजय मलिक के साथ कीचड़ में उतरकर धान (जीरी) की रोपाई की थी, बल्कि उनके ट्रैक्टर पर बैठकर खेत की जुताई भी की थी। उसी दोपहर, खेत की मेड़ पर बैठकर संजय के परिवार के साथ सादगी से रोटियां खाते हुए राहुल ने वादा किया था कि वे इस परिवार के सुख-दुख में साथ रहेंगे।

शादी की खुशियों में लगाया चार चांद
जब संजय की बेटी की शादी तय हुई, तो परिवार ने राहुल गांधी को न्योता भेजा था। हालांकि, किसी को उम्मीद नहीं थी कि देश के व्यस्ततम नेताओं में से एक इस छोटे से गांव की शादी में पहुंचेंगे। जैसे ही राहुल गांधी का काफिला गांव की तंग गलियों से होता हुआ संजय के घर पहुंचा, पूरे गांव में उत्साह की लहर दौड़ गई। राहुल गांधी ने नववधू को आशीर्वाद दिया और परिवार के सदस्यों के साथ काaफी समय बिताया। किसान संजय ने आंखों में खुशी के आंसू लिए कहा, "उन्होंने तब कहा था कि हम अब दोस्त हैं, और आज उन्होंने अपनी दोस्ती निभा दी।"


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static