बराड़ा में आंधी-तूफान का तांडव, मकान पर गिरा भारी-भरकम सफेदे का पेड़, बाल-बाल बची दंपति की जान

punjabkesari.in Friday, Jun 12, 2026 - 09:13 PM (IST)

बराड़ा (अनिल कुमार) : बीती रात आए तेज तूफान के दौरान बराड़ा में एक मकान पर भारी-भरकम सफेदे का पेड़ गिर गया। इससे मकान की दीवार ढह गई और अन्य संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा। गनीमत रही कि आंगन में टहल रहे दंपति ने समय रहते पेड़ गिरते देख अंदर भागकर अपनी जान बचा ली, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

PunjabKesari

दंपति ने घर के अंदर भाग बचाई जान

दोसड़का रोड पर बंसल पैलेस के सामने स्थित मकान के मालिक कृष्ण कुमार जैन ने बताया कि उनकी चारदीवारी के साथ खड़ा सफेदे का पेड़ कई महीनों से टेढ़ा हो चुका था और उसके गिरने का खतरा लगातार बना हुआ था। इस संबंध में उन्होंने वन विभाग को लिखित शिकायत भी दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि वीरवार रात करीब सवा नौ बजे तेज तूफान और बारिश शुरू हो गई। उस समय वह अपनी पत्नी के साथ आंगन में टहल रहे थे। अचानक पेड़ उनकी दीवार को तोड़ते हुए आंगन में आ गिरा। दोनों ने तुरंत घर के अंदर भागकर अपनी जान बचाई।

पेड़ के गिरने के कारण घर का मुख्य रास्ता भी बंद

पेड़ के मोटे तने घर के अंदर तक फैल गए, जबकि कुछ हिस्से पड़ोसी की छत तक पहुंच गए, जिससे वहां लगे एसी और अन्य सामान को भी नुकसान पहुंचा। पेड़ गिरने से मकान की दीवार, लोहे की ग्रिल और आंगन में लगी टाइलें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। इतना ही नहीं, पेड़ के गिरने के कारण घर का मुख्य रास्ता भी बंद हो गया था।

घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पेड़ को काटकर हटाया। इस संबंध में फॉरेस्ट गार्ड फूल सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कर्मचारियों की मदद से गिरे हुए पेड़ को हटाया गया। उन्होंने बताया कि अकालगढ़ के पास भी एक पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हुआ था, जिसे उनकी टीम ने काटकर रास्ता साफ कराया।

 

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)               

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static