पापा, मुझे बचा लो, पति और ससुर बहुत मार रहे हैं... दहेज के लिए विवाहिता की हत्या का आरोप

punjabkesari.in Wednesday, Oct 14, 2026 - 09:55 AM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): पापा, मुझे बचा लो, पति, ससुर और ससुराल के सभी सदस्य मिलकर मुझे बहुत मार रहे हैं। बचना मुश्किल है। यह कहकर जब बेटी ने फोन काटा तो एक पिता का दिल दहल गया। अभी हापुड़ से गुड़गांव के लिए निकले थे कि दामाद ने ससुर को फोन करके कहा कि तुम्हारी बेटी ने जहर खा लिया है और 15 मिनट बाद दोबारा फोन कर कहा कि तुम्हारी बेटी की मौत हो गई है। यह सुनकर एक पिता के पैरों तले जमीन खिसक गई और गुड़गांव के निजी अस्पताल पहुंचे तो बेटी के गले पर निशान देखकर पुलिस को फोन किया। परिवार ने पुलिस पर शिकायत के बाद भी कार्रवाई न करने के आरोप लगाए। देर रात को जब अस्पताल में हंगामा हुआ तो फर्रूखनगर थाना पुलिस हरकत में आई और मामले में कार्रवाई करने को तैयार हुई। जिसके बाद आज सुबह पुलिस ने मृतका के परिजनों से शिकायत लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

जानकारी के मुताबिक, हापुड़, उत्तर प्रदेश के रहने वाले अनिल शर्मा ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी भावना शर्मा (24) की शादी फर्रूखनगर निवासी गौतम शर्मा से करीब दो साल पहले हुई थी। शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज के लिए परेशान किया जाने लगा। उनसे दहेज के रूप में 25 लाख रुपए की मांग की गई। इस पर कुछ महीने पहले उन्होंने ढाई लाख रुपए दिए थे। यह रुपए देने के बाद भी आरोपियों ने भावना को परेशान करना कम नहीं किया, बल्कि लगातार उस पर रुपए लाने का दबाव बनाया जा रहा था। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने भावना को इतना परेशान किया कि वह पिछले चार महीने से अपने मायके आई हुई थी। कुछ दिन पहले ही भावना वापस अपने ससुराल गई थी। आरोप है कि 13 अक्टूबर की शाम करीब चार बजे भावना ने फोन कर अपने पिता को बताया कि पति गौतम, ससुर बिजेंद्र, सास, देवर मिलकर उसे बहुत बुरी तरह से मार रहे हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि करीब डेढ़ घंटे बाद गौतम का उन्हें फोन आया और बताया कि भावना ने जहर खा लिया है उसे निजी अस्पताल ले गए हैं। इस पर वह हापुड़ से गुड़गांव के लिए निकल लिए। कुछ ही देर में उन्हें दोबारा गौतम ने फोन कर बताया कि भावना की मौत हो गई है। जब वह अस्पताल पहुंचे और बेटी के शव को देखा तो पता लगा कि उसके गले पर निशान बने हुए हैं। इस पर उन्होंने देर शाम को ही फर्रूखनगर थाना पुलिस को इसकी सूचना दी।

 

परिजनों का आरोप है कि सूचना देने के बाद भी देर रात तक पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। रात करीब दो बजे उन्होंने अस्पताल में हंगामा किया तो पुलिस मौके पर आई और कार्रवाई करने का आश्वासन देने लगी, लेकिन सुबह तक कुछ कार्रवाई नहीं हुई। पिता अनिल ने बताया कि बुधवार सुबह थाना प्रभारी ने उनसे शिकायत ली है और मामले में कार्रवाई करने की बात कही है। वहीं, परिजनों ने आरोप लगाया कि वारदात के बाद से भावना के ससुराल पक्ष के लोग फरार हैं। भावना का पति उनका 9 माह का बच्चा भी अपने साथ ले गया है। इसके साथ ही उन्होंने कई गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को भावना के पति गौतम शर्मा, ससुर बिजेंद्र, सास व देवर अंशु शर्मा के खिलाफ दहेज के लिए हत्या करने के आरोप में शिकायत दी है। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद ही हत्या के कारणों का पता लगेगा। मामले की जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static