नेशनल हाईवे पर मौत का खौफनाक मंजर,ऑटो-ट्रक की टक्कर में महिला की गई जान
punjabkesari.in Tuesday, Jun 16, 2026 - 05:00 PM (IST)
पंचकूला : पंचकूला जिले के पिंजौर क्षेत्र में मंगलवार को जीरकपुर-शिमला नेशनल हाईवे पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, हादसा सूरजपुर-सुखोमाजरी बाइपास के पास हुआ है। मृतका की पहचान कालका के कुरारी मोहल्ला निवासी 75 वर्षीय रेवा देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रेवा देवी ऑटो में सवार होकर यात्रा कर रही थीं। इसी दौरान ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे ऑटो चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ऑटो सीधे ट्रक के पीछे जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में रेवा देवी को गंभीर चोटें आईं। घायल महिला को पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल पहुंचाया। हालांकि डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। वहीं ऑटो चालक राहुल को भी मामूली चोटें आई हैं। घटना की सूचना तुरंत पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।