पानीपत में सनसनी: किराए के मकान में बेड पर मिला महिला का शव, 14 वर्षीय भाई ने जीजा पर लगाया हत्या का आरोप!
punjabkesari.in Friday, Jul 10, 2026 - 08:18 PM (IST)
पानीपत(सचिन): पानीपत के भारत नगर क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक किराए के मकान में 30 वर्षीय महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बेड पर पड़ा मिला। मृतका की पहचान शिल्पी के रूप में हुई है, जो पिछले 3-4 सालों से इसी इलाके में रहकर एक फैक्ट्री में मजदूरी करती थी। घटना के बाद से ही इलाके में हड़कंप मच गया है।
मासूम भाई ने बयां की खौफनाक रात की दास्तान
मौके पर मौजूद मृतका के 14 वर्षीय भाई ने पुलिस के सामने बेहद चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। भाई के मुताबिक रात के समय उसका जीजा (शिल्पी का पति) विपिन अपने मौसी के बेटे को साथ लेकर अचानक घर आया था।परिजनों का आरोप है कि रात में ही शिल्पी की गला दबाकर हत्या कर दी गई।
पति-पत्नी में लंबे समय से था विवाद
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, शिल्पी और उसके पति विपिन के बीच काफी समय से आपसी विवाद चल रहा था। इसी घरेलू कलह की वजह से पति अपनी पत्नी से अलग रह रहा था, लेकिन वारदात की रात वह अचानक अपने भाई के साथ वहां पहुंचा था।
गर्दन पर मिले निशान, FSL टीम ने जुटाए सबूत
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और FSL (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में मृतका की गर्दन पर चोट या फंदे के निशान मिले हैं, जो गला घोंटे जाने की आशंका को पुख्ता करते हैं। फॉरेंसिक टीम ने क्राइम सीन से जरूरी सबूत और फिंगरप्रिंट्स जुटाए हैं।