7 महीने पहले हुआ था लव मैरिज, अब अचानक हुई मौत....पति ने अपनी ही मां पर लगाया हत्या का आरोप, पुलिस हैरान

punjabkesari.in Saturday, Jul 11, 2026 - 09:55 AM (IST)

पानीपत: हरियाणा के पानीपत जिले के थाना किला क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कुटानी रोड पर एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पुलिस को कंट्रोल रूम के जरिए सूचना दी गई थी कि महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या की है, लेकिन पुलिस की प्रारंभिक जांच में शव के गले पर फंदे का कोई निशान नहीं मिला, जबकि मुंह से झाग निकल रहा था।इस रहस्यमयी मौत के बाद घर में ही हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जहां मृतका के पति और ससुर ने इस मौत का जिम्मेदार सास को ठहराते हुए उससे झगड़ा शुरू कर दिया।


थाना किला पुलिस के अनुसार, कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि कुटानी रोड स्थित एक मकान में विवाहिता ने फांसी लगा ली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर पुलिस को मृतका की सास मिली। सास ने पुलिस को बताया कि उसकी 21 वर्षीय बहू साइना मूलरूप से उत्तर प्रदेश के कैराना की रहने वाली थी। उसके बेटे साहिल ने करीब 7 महीने पहले ही साइना से प्रेम विवाह किया था।सास का दावा है कि शुक्रवार शाम को उसका बेटा साहिल और पति दोनों काम पर गए हुए थे। वह खुद घर के कामकाज में व्यस्त थी, इसी दौरान बहू साइना ने कमरे में फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

पुलिस ने जब मौके पर पहुंचकर शव का बारीकी से निरीक्षण किया, तो कहानी में बड़ा मोड़ आ गया। पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में मृतका साइना के गले पर फंदे का किसी भी तरह का कोई निशान या स्क्रैच नहीं पाया गया। इसके उलट, शव के मुंह से संदिग्ध रूप से झाग निकल रहे थे, जिससे मामला आत्महत्या के बजाय जहर खाने या गला घोंटने जैसे संदिग्ध हालातों की तरफ इशारा कर रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static