पति से अलग रह रही महिला ने थाने में गटका जहर, रिलेशनशिप में रह रहे शख्स पर लगाए ये आरोप
punjabkesari.in Friday, Sep 01, 2023 - 12:19 PM (IST)

फतेहाबाद : फतेहाबाद में पति से अलग होकर किसी शख्स के साथ रिलेशनशिप में रह रही एक महिला ने महिला थाना के बाहर जहरीली दवा निगल ली जिसे नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया। महिला ने एक व्यक्ति पर जबरन शारीरिक संबंध बनाने, शारीरिक व मानसिक रूप से परेशान करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने 4 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को महिला ने बताया कि करीब 20 वर्ष पहले उसका विवाह रतिया में हुआ था। लगभग 14-15 साल से वह अपने पति से मनमुटाव होने के चलते फतेहाबाद में अलग रहने लगी। बाद में 10 साल से उसकी फतेहाबाद के ही एक गांव के शख्स से जान-पहचान हो गई और दोनों सहमति से रिलेशनशिप में रहने लगे । महिला अनुसार अब पिछले 6-7 माह से उससे भी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई और तब से मनमुटाव चल रहा था।
शख्स ने उसे मानसिक व शारीरिक रूप से परेशान किया और 3 माह पहले उसके घर आकर बिना उसकी मर्जी उससे जबरन शारीरिक संबंध बनाए और मारपीट की। 29 अगस्त की शाम को आरोपी के मां-बाप ने भी आकर झगड़ा व गाली-गलौच की व बाद में उसकी पत्नी ने भी फोन पर गाली-गलौज की जिसके बाद अगली सुबह वह महिला थाने पहुंची और वहां गेट के बाहर उसने कीटनाशक दवा पी ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।