गलत दिशा में आई स्कॉर्पियो ने स्कूटी सवार महिला को मारी टक्कर, मौत

punjabkesari.in Friday, Jul 17, 2026 - 09:33 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): कादीपुर चौक के पास एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। यहां गलत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने स्कूटी सवार एक कामकाजी महिला को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपी चालक गाड़ी समेत मौके से फरार हो गया। सेक्टर-10ए थाना पुलिस ने मृतका के पति के बयान पर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान 32 वर्षीय सुमन सैनी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से यमुनानगर के मुस्ताफाबाद गांव की रहने वाली थी और पिछले कुछ समय से अपने पति संदीप कुमार के साथ सेक्टर-10 में किराए के मकान में रह रही थी। सुमन सुभाष चौक स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करती थी। गुरुवार शाम करीब सात बजे वह दफ्तर से छुट्टी के बाद अपनी स्कूटी से घर लौट रही थी।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कादीपुर चौक के पास सुमन सड़क किनारे स्कूटी खड़ी करके कुछ देर के लिए रुकी थी। इसी दौरान सामने से बेहद तेज रफ्तार में आ रही एक अज्ञात स्कॉर्पियो ने यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए गलत दिशा से स्कूटी में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुमन सड़क पर दूर जा गिरी और लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गई। राहगीरों ने तुरंत उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया गया है कि सुमन की शादी चार साल पहले हुई थी और उनका कोई बच्चा नहीं था।

 

सूचना मिलते ही सेक्टर-10 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने पति संदीप की शिकायत पर अज्ञात स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी की पहचान के लिए चौक और आस-पास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static