एक शॉर्टकट के चक्कर में उजड़ गया परिवार, यमुनानगर में ट्रेन ने छीन ली महिला की जिंदगी, 3 बच्चों के सिर से उठा मां का साया
punjabkesari.in Wednesday, Sep 16, 2026 - 08:42 AM (IST)
यमुनानगर : हरियाणा के यमुनानगर में शॉटर्कट के चक्कर में ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गयी। जबकि पति और तीनों बच्चों ने कूदकर जान बचाई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान बिहार के बेगूसराय निवासी कविता देवी के रूप में हुई है, जो तीन बच्चों की मां थी। वह अपने पति राम शगुन और तीन बच्चों के साथ बाड़ी माजरा की तरफ रहती थी। राम शगुन करीब दो माह पहले ही परिवार को लेकर बिहार से यमुनानगर आया था और यहां प्लाइवुड फैक्ट्री में काम करता है। परिवार कुछ दिन पहले बिहार गया था और मंगलवार सुबह ही ट्रेन से यमुनानगर लौटा था। आज सुबह परिवार बाड़ी माजरा स्थित अपने घर जा रहा था। बाड़ी माजरा जाने के लिए शॉटर्कट के चक्कर में वह यमुना नहर पर बने रेलवे पुल से रेलवे लाइन पार कर रहा था। इसी दौरान जगाधरी से सहारनपुर की ओर जाने वाली रेलवे लाइन पर अचानक ट्रेन आ गई। ट्रेन को सामने आता देख पति और बच्चों ने साइड में कूदकर अपनी जान बचा ली लेकिन कविता ट्रेन की चपेट में आ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे में उसके एक बेटे के हाथ-पैर में चोट भी आई है।
सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। बताया जा रहा है कि इस रेलवे पुल पर आवाजाही प्रतिबंधित है और रेलवे ने मनाही का बोडर् भी लगाया हुआ है लेकिन लोग शॉटर्कट के चक्कर में इसे रास्ते के तौर पर इस्तेमाल करते हैं, जिससे पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। जांच अधिकारी उप निरीक्षक सत्यवीर सिंह ने बताया कि महिला यमुना नहर के ऊपर बने रेलवे पुल को पार कर रही थी, तभी ट्रेन की चपेट में आ गई। शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।