एक शादी से भागी तो दूसरी बहन ने भाई पर ही दर्ज कराया केस, परेशान होकर युवक ने खत्म की जीवन लीला
punjabkesari.in Thursday, Oct 15, 2026 - 07:15 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): बहन की शादी के बाद मानसिक रुप से परेशान 21 वर्षीय युवक ने फांसी के फंदे पर लटकर जान दे दी। रिश्तेदारों ने जब शव को पंखे से लटका देखा तो भोंडसी थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक तौर की जांच में सामने आया कि मृतक अपनी बहन की शादी के बाद उस पर दर्ज हुए केस से परेशान था जिसके कारण उसने यह कदम उठाया है। फिलहाल पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, 21 वर्षीय राहुल गांव धुनेला में अपने मामा के घर के पास किराए के मकान में रहता था। यहां उसने देर रात को बिजली के पंखे से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। राहुल का शव गुरुवार की सुबह उसके रिश्तेदारों ने देखा। जिसकी सूचना भोंडसी थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल सोहना में भेज दिया। जानकारी के अनुसार राहुल गांव में ही बनी सेेंट्रल पार्क में नौकरी करके अपनी आजीविका चला था। वह अविवाहित था और किराए के मकान में रहता था। मृतक के रिश्तेदार प्रवीण ने बताया कि राहुल अपनी दो बहनों की शादी को लेकर काफी परेशान था। एक बहन की शादी उसने मार्च माह में की थी।
सूत्रों के अनुसार राहुल ने यह शादी अपनी बड़ी बहन के लिए तय की थी, लेकिन राहुल की बड़ी बहन बारात आने से एक दिन पहले घर से लापता हो गई थी। राहुल ने समाज में परिवार को मान-सम्मान दिलाने के उद्देश्य से छोटी बहन की शादी कर दी थी। लेकिन बड़ी बहन ने शादी के बाद छोटी बहन को अपनी बातों में उलझा लिया और उसने अपने पति समेत राहुल पर सेक्टर 10 थाने में कम उम्र में शादी करने का मामला दर्ज करा दिया था। उक्त मामले को लेकर राहुल काफी परेशान रहता था।
जानकारी के अनुसार मृतक युवक के रिश्तेदार ने बताया कि राहुल ने बुधवार की देर रात तक सेक्टर 10 में दर्ज हुए मामले की जांच कर रहे अधिकारी से फोन पर देर रात तक बाते भी की थी। उसके बाद राहुल और भी मानसिक रुप से परेशान हो गया और अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। फिलहाल पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।