करनाल में लिव-इन में रह रहे युवक ने दी जान, 3 बच्चों की मां पर लगे आरोप
punjabkesari.in Monday, Jun 08, 2026 - 09:31 AM (IST)
करनाल : मॉडल टाऊन क्षेत्र की सैनी कालोनी में रोहित कुमार (25) ने संदिग्ध हालात में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वह मूल रूप से चंडीगढ़ का रहने वाला था और यहां किराए के मकान में रह रहा था। रोहित का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने मृतक के कपड़ों की तलाशी भी ली ताकि कोई सुसाइड नोट मिल सके, लेकिन मौके से ऐसा कोई नोट नहीं मिला। इस वजह से आत्महत्या के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
जांच के दौरान सामने आया है कि रोहित एक महिला के साथ लिव-इन में रह रहा था। परिजनों के अनुसार संबंधित महिला नैनीताल की रहने वाली है, उसकी उम्र करीब 42 साल है और वह 3 बच्चों की मां है। आरोप है कि वह करीब 6 महीने तक रोहित के साथ रही और खुद को उसकी पत्नी बताती रही जबकि रोहित की शादी नहीं हुई थी। परिजनों का कहना है कि 5 जून की रात को भी महिला ने रोहित को फोन किया था जिसके दौरान दोनों के बीच झगड़ा हुआ। पुलिस जांच अधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि सैनी कॉलोनी में युवक द्वारा फंदा लगाने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की गई है। परिजनों के बयानों के आधार पर जांच जारी है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)