कुरुक्षेत्र में नहर में बहता दिखा युवक का शव, गोताखोरों के पहुंचने से पहले हुआ गायब...काले रंग की टी-शर्ट पहने था  युवक

punjabkesari.in Sunday, Aug 30, 2026 - 03:21 PM (IST)

कुरुक्षेत्र:  कुरुक्षेत्र के उडारसी गांव के पास शनिवार शाम नहर में एक युवक का शव बहता हुआ दिखाई देने से हड़कंप मच गया। नहर के पुल के पास मौजूद युवक आजादवीर ने शव को बहते हुए देखा और इसकी सूचना गोताखोरों को दी। सूचना मिलते ही गोताखोर मौके पर पहुंचे, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही शव नहर के पुल को पार कर आगे निकल गया।

गोताखोर प्रगट सिंह ने बताया कि शनिवार शाम उन्हें आजादवीर का फोन आया था। आजादवीर उस समय नहर के पुल के पास मौजूद था। उसने दूर से नहर में कोई वस्तु बहती हुई देखी। पास आने पर पता चला कि वह एक युवक का शव था। आजादवीर के अनुसार मृतक ने काले रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी और उसकी उम्र करीब 30 वर्ष प्रतीत हो रही थी।

नहर में कांबाड़ फंसने से सर्च अभियान में आई दिक्कत
सूचना मिलने के बाद गोताखोरों ने नहर में शव की तलाश शुरू की, लेकिन तब तक शव काफी आगे निकल चुका था। नहर में दोनों तरफ करीब 15-15 स्थानों पर कांबाड़ फंसा होने के कारण गोताखोरों को सर्च अभियान चलाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। काफी प्रयास के बावजूद शनिवार शाम शव का कोई सुराग नहीं लग पाया।

रविवार सुबह फिर शुरू हुई तलाश
रविवार सुबह गोताखोर एक बार फिर युवक की तलाश के लिए नहर में पहुंचे। नहर के आगे के हिस्से में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही नहर किनारे झाड़ियों में भी शव की तलाश की जा रही है। फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो पाई है और यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है कि शव नहर में कहां से आया।

गोताखोरों की टीम लगातार नहर के विभिन्न हिस्सों में तलाश कर रही है। युवक की पहचान होने के बाद ही उसकी मौत के कारणों और नहर में पहुंचने की वास्तविक परिस्थितियों का पता चल सकेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

static