हांसी में CIA रेड के दौरान युवक की मौत, परिजनों का आरोप- पुलिस टॉर्चर से गई जान
punjabkesari.in Thursday, Jun 11, 2026 - 08:01 AM (IST)
हांसी (विनोद सैनी) : हांसी में CIA टीम की रेड के दौरान युवक की मौत के बाद विवाद खड़ा हो गया है। घटना के बाद हिसार के एक निजी अस्पताल के बाहर परिजनों ने जमकर हंगामा किया और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। मामले की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
चिट्टे की बरामदगी के लिए पहुंची थी CIA टीम
मिली जानकारी के अनुसार हांसी पुलिस की CIA टीम चिट्टे की बरामदगी के लिए जगदीश कॉलोनी में रेड करने पहुंची थी। इसी दौरान 25 वर्षीय संदीप उर्फ कुलदीप ने पुलिस को देखकर कथित तौर पर नशीला पदार्थ निगल लिया। युवक की तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजन हिसार के एक निजी अस्पताल पहुंच गए और वहां हंगामा शुरू कर दिया।
परिजनों ने लगाए ये आरोप
परिजनों का आरोप है कि उनके बेटे की मौत पुलिस के टॉर्चर की वजह से हुई है। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई थी। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। हंगामे की सूचना मिलने पर अर्बन एस्टेट चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को शांत कराने का प्रयास किया। फिलहाल मृतक संदीप उर्फ कुलदीप के शव को पोस्टमार्टम के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो पाएगी।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)