चोरी के विरोध में की युवक की हत्या, आरोपी मौके से ही गिरफ्तार
punjabkesari.in Friday, Oct 16, 2026 - 10:00 AM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): पुलिस लाइन के सामने स्काई वॉक पर हुई युवक की हत्या चोरी के विरोध में हुई है। जिस वक्त वारदात को अंजाम दिया तो उस वक्त कुछ लोग यहां मौजूद थे जिन्होंने यहां से गुजर रहे पुलिसकर्मियों को बताया कि एक युवक के सिर पर ईंट मारी गई है। इस पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और आरोपी को काबू करते हुए घायल को लहूलुहान हालत में अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वह बच नहीं पाया। ऐसे में सेक्टर-14 थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
आरोपी की पहचान निशांत कुमार उर्फ मोनू (उम्र 38 वर्ष), निवासी कुतोपुरी (पालावास), जिला रेवाड़ी के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पिकअप चलाने का काम करता है। 14 अक्टूबर की रात को वह शराब के नशे में लोहे के पुल पर सो रहा था। इसी दौरान मृतक, जो कूड़ा-कचरा बीनने का काम करता था ने चोरी की नीयत से आरोपी पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद दोनों के बीच हाथापाई हुई, जिसके दौरान आरोपी ने वहां पड़ी सीमेंट की टाइल (ब्लॉक) से मृतक के सिर पर वार कर दिया। इस वार से गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की मृत्यु हो गई। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयोग की गई सीमेंट की टाइल बरामद की है। आरोपी को आज अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस के मुताबिक, अभी तक मृतक की पहचान नहीं हुई है। उसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
आपको बता दें कि 14 अक्टूबर को सेकटर-14 थाना पुलिस महावीर चौक के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक राहगीर ने पुलिस को सूचना दी कि लोहे के पुल पर एक व्यक्ति दूसरे व्यक्ति के सिर पर सीमेंट की टाइल (ब्लॉक) से वार कर रहा है। इस पर मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने घायल को अस्पताल पहुंचाते हुए आरोपी को काबू कर लिया।