नशा तस्करों के भाजपा नेताओं से संबंध होने के इनैलो के आरोप बिना सिर-पैर के : कम्बोज(Video)

punjabkesari.in Wednesday, Aug 22, 2018 - 12:12 PM (IST)

पंचकूला(धरणी): खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के मंत्री कर्णदेव कम्बोज ने बताया कि जब 2014 में उन्होंने विभाग का कार्यभार संभाला तब यहां भ्रष्टाचार चरम पर था। इस समस्या से निजात पाने के लिए विचार-विमर्श करके विभाग को ऑनलाइन किया गया। इस कदम से सरकार के लगभग 500 करोड़ रुपए बचाए गए हैं। इसके साथ ही बी.पी.एल. परिवारों को दाल की जगह 2 लीटर खाद्य तेल दिया जा रहा है। वहीं उन्होंने कहा कि इनैलो नशा तस्करों के साथ भाजपा के मंत्रियो के संबंध होने जैसे अनाप-शनाप बयान न दें यदि ऐसा है तो इसे साबित करें, कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आरोप लगाकर भाग जाना राजनीति में अच्छे संकेत नहीं है।

खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री ने बताया कि 2014 में जब खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की जिम्मेदारी मुझे दी गई उस वक्त इस विभाग में भ्रष्टाचार चरम पर था यह मेरे लिए एक चैलेंज था। भ्रष्टाचार को समाप्त करने के लिए मैंने बैठक की और इसे रोकने के लिए ऑनलाइन किया गया। हरियाणा में 1 करोड़ 37 लाख लाभार्थी हमारे पास थे लेकिन राशन केवल  1 करोड़ 26 लाख लोगों को मिलता था। ऑनलाइन करने के बाद लाभार्थियों को आधार से जोड़ा गया जिन लोगों ने आधार लिंक नहीं करवाया वे बाहर हो गए। कम्बोज ने बताया कि आधार लिंक से राशन देने के बाद 25 लाख लोग ऐसे मिले  जिन्होंने आधार लिंक नहीं करवाया। हरियाणा में कहीं भी ऐसी शिकायत नहीं मिली है कि किसी को राशन न मिल रहा हो। पहले 65250 मीट्रिक टन गेहूं का आबंटन किया जाता रहा आधार लिंक के बाद यह घटकर 52000 मीट्रिक टन हो गया जिससे हमने सरकार के 390 करोड़ रुपए बचाए हैं। 

वहीं,  कम्बोज ने बताया कि इसी प्रकार गैस कंपनियों से रिकार्ड मांगा गया तो ऐसे बहुत से लोग मिले जिनके पास गैस कनैक्शन हैं लेकिन उनके द्वारा बी.पी.एल. परिवार को दिया जाने वाला कैरोसिन भी ले रहे हैं। कानूनन ऐसा नहीं किया जा सकता। हरियाणा पहला राज्य है जो कैरोसिन फ्री है। कैरोसिन की ब्लैक मार्कीटिंग को भी रोका गया है। इससे भी लगभग 110 करोड़ रुपए सरकार के बचाए गए हैं। लगभग कुल 500 करोड़ रुपए हमने सरकार के बचाने का काम किया है। कम्बोज ने कहा कि दाल-रोटी स्कीम के तहत अढ़ाई किलो दाल दी जाती थी लेकिन दाल के भाव ऊपर-नीचे होने के कारण हमने उसे बंद करके खाद्य तेल 1 लीटर प्रति परिवार को दिया जाता था, जिसे माननीय मुख्यमंत्री ने बढ़ाकर 2 लीटर प्रति बी.पी.एल. परिवार कर दिया। कम्बोज ने बताया कि हरियाणा में चीनी केवल ए.ए.वाई. परिवारों को ही दी जाती थी लेकिन अब सभी बी.पी.एल. परिवारों को हरियाणा सरकार की ओर से एक किलो चीनी प्रति माह दी जा रही है। 

अभय चौटाला के भाजपा सरकार के मंत्रियों को अटल जी की बीमारी के दौरान न मिले जाने और बाद में उनकी शवयात्रा में शामिल होने के बयान पर कम्बोज ने कहा कि अटल जी जब अस्वस्थ थे उस वक्त काफी एहतियात बरती जा रही थी। उन्होंने बताया कि मैं भी कई बार उनसे मिलने गया लेकिन इन्फैक्शन होने के डर से ज्यादा लोगों को मिलने नहीं दिया जाता था। उनकी स्थिति को देखते हुए यह सही भी था।कम्बोज ने कहा कि इसके बावजूद भी हमारे कई नेता उनसे मिलने गए हैं और उनके स्वास्थ्य को लेकर डाक्टरों से भी चर्चा करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि हो सकता है कुछ नेता न मिल पाए हों, डाक्टर की सलाह के चलते, लेकिन सबकी इच्छा रही है उनसे मिलने की, इसलिए ऐसा कहना गलत है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Rakhi Yadav

Recommended News

Related News

static