अंबाला NH 44 जाम मामला, पुलिस ने 15 से अधिक प्रदर्शनकारियों पर दर्ज की FIR, जांच के बाद होगी गिरफ्तारियां
punjabkesari.in Friday, Aug 14, 2026 - 03:28 PM (IST)
अंबाला (अमन कपूर) : अंबाला NH 44 पर गुरसिमरन सिंह मंड विवाद को लेकर जाम लगाया गया। वहीं अब पुलिस ने पुलिस ने 15 व अन्य प्रदर्शनकारियों पर FIR दर्ज की है। पुलिस ने कहा कि जांच के बाद गिरफ्तारियां भी होगी।

बता दें कि मंड और उनके बेटे के खिलाफ FIR दर्ज होने के बाद भी प्रदर्शनकारी गिरफ्तार किए गए तीन युवकों की रिहाई की मांग पर अड़े रहे। दोपहर करीब 2 बजे से रात 9 बजे तक NH-44 पर यातायात बाधित रहा। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच सहमति नहीं बनने के बाद आखिरकार पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।


DSP पर हुआ था जानलेवा हमला
कई घंटे तक हाईवे बंद रहने के बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए फोर्स का इस्तेमाल किया। पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागकर प्रदर्शनकारियों को हाईवे से खदेड़ा और इसके बाद NH-44 पर यातायात सुचारू करवाया गया। इस कार्रवाई के दौरान कुछ पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि इस दौरान DSP का अंगूठा कट गया। जबकि कुछ प्रदर्शनकारियों को भी चोटें आईं। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई के बाद हाईवे पर स्थिति को नियंत्रित किया गया।

जानें क्या है मामला
हरियाणा के अंबाला स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा पंजोखरा साहिब में श्री गुरु हरकिशन साहिब के प्रकाश पर्व के अवसर पर 7 अगस्त को माथा टेकने पहुंचे IAKTF (ऑल इंडिया कीर्तन फैडरेशन) के नेशनल प्रेसिडेंट गुरसिमरन सिंह मंड की गाड़ी पर हमला किया था। जानकारी के अनुसार, विवाद तब शुरू हुआ जब गुरसिमरन सिंह मंड की गाड़ी की चपेट में आने से एक पाठी का पैर घायल हो गया। गाड़ी पाठी के पैर पर चढ़ने की घटना से मौके पर मौजूद लोग भड़क गए और उन्होंने इसका कड़ा विरोध जताया।
