बरोदा उपचुनाव में 10 हजार वोटों के अंतर से जीते इंदुराज नरवाल, कांग्रेस ने रचा इतिहास
punjabkesari.in Tuesday, Nov 10, 2020 - 03:29 PM (IST)
बरोदा (ब्यूरो): बरोदा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी इंदुराज नरवाल ने 10 हजार वोटों के अंतर से जीत हासिल कर ली है। सुबह 8 बजे शुरु हुई मतगणना दोपहर 3 बजे से पहले पूरी हो गई।कुल 20 राउंड थे। कांग्रेस प्रत्याशी इंदुराज पहले राउंड से ही आगे रहे। जबकि भाजपा प्रत्याशी योगेश्वर दत्त दूसरे नंबर पर रहे। इंदुराज की जीत के बाद कांग्रेस समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। कार्यकर्ता नाच कर खुशी का जश्न मना रहे हैं। योगेश्वर दत्त ने हार मान ली है। उन्होंने कहा कि जो जनता का फैसला उसका स्वागत करते हैं।
मतगणना के रांउड आधारित परिणाम यहां देखें-
लाईव अपडेट-
राउंड | कांग्रेस | भाजपा | इनेलो | लोसुपा | अन्य | कुल |
1 | 2595 | 1574 | 202 | 250 | 89 | 4710 |
2 | 2727 | 3086 | 499 | 649 | 156 | 7117 |
3 | 3386 | 1999 | 290 | 201 | 89 | 5965 |
4 | 2796 | 2002 | 147 | 180 | 51 | 5176 |
5 | 3438 | 3075 | 301 | 500 | 140 | 7454 |
6 | 2885 | 2249 | 143 | 285 | 64 | 5626 |
7 | 3007 | 1632 | 1137 | 304 | 96 | 6176 |
8 | 2720 | 2035 | 151 | 215 | 71 | 5192 |
9 | 4615 | 2326 | 184 | 302 | 116 | 7543 |
10 | 3554 | 2628 | 225 | 267 | 89 | 6763 |
11 | 3578 | 2365 | 269 | 88 | 95 | 6395 |
12 | 2313 | 3160 | 106 | 320 | 95 | 5994 |
13 | 3113 | 3043 | 163 | 171 | 97 | 6587 |
14 | 2682 | 2297 | 82 | 360 | 66 | 5487 |
15 | 2370 | 4477 | 193 | 343 | 87 | 7470 |
16 | 2856 | 1923 | 105 | 327 | 44 | 5255 |
17 | 3432 | 2168 | 363 | 243 | 94 | 6300 |
18 | 2851 | 3010 | 128 | 192 | 54 | 6235 |
19 | 2489 | 3127 | 176 | 167 | 59 | 6018 |
20 | 2960 | 1674 | 120 | 237 | 50 | 5041 |
कुल | 60367 | 49850 | 4984 | 5601 | 1702 | 122504 |
कांग्रेस कार्यकर्ता भूपेंद्र हुड्डा और इंदुराज का फूलों से करेंगे स्वागत करेंगे
कांग्रेस प्रत्याशी इंदुराज नरवाल की बढ़त के बाद पार्टी समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। समर्थक भूपेंद्र हुड्डा और इंदुराज का फूलों से स्वागत करेंगे। उन्होंने कहा कि इंदुराज करीब 20000 वोटों से जीतेंगे। इस दौरान उन्होंने भाजपा और जेजेपी पर तंज भी कसा। समर्थकों ने कहा कि 57 एमएलए और मंत्री लगाने के बावजूद भी वह भूपेंद्र हुड्डा को नहीं हरा पाए।
कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी की जीत निश्चित: हुड्डा
जैसे जैसे मतगणना आगे बढ़ रही है। नेताओं की प्रतिक्रिया भी आना शुरु हो गई है। अभी तक कांग्रेस के प्रत्याशी आगे चल रहे हैं। इसी को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उपचुनाव को लेकर मतगणना चल रही है, लेकिन जैसे रुझान आ रहे हैं, उसे लगता है कि कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी की जीत निश्चित है।
कांग्रेस प्रत्याशी इंदुराज नरवाल 5217 वोटों से चल रहे आगे
सातवें राउंड की गिनती पूरी हो गई है। कांग्रेस प्रत्याशी इंदुराज नरवाल 5217 वोटों से आगे चल रहे हैं। यह लीड अब लगातार बढ़ती ही जा रही है। पहले राउंड से आगे चल रहे इंदुराज सांतवे राउंड तक आगे ही हैं। भाजपा प्रत्याशी योगेश्वरग दत्त दूसरे नंबर पर चल रहे हैं। वहीं लोसुपा प्रत्याशी राजकुमार सैनी तीसरे नंबर पर चल रहे हैं।
भाजपा और कांग्रेस समर्थकों ने किया अपने-अपने पार्टी के प्रत्याशी की जीत का दावा
छह राउंड पूरे होने के बाद भाजपा और कांग्रेस समर्थकों ने अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दी है। दोनों पार्टी के समर्थकों ने अपने-अपने प्रत्याशी की जीत का दावा किया है। भाजपा समर्थक ने दावा किया कि योगेश्वर दत्त 15 हजार वोटों से जीतेंगे। वहीं कांग्रेस समर्थक ने दावा कि इंदुराज नरवाल 10 हजार वोटों से जीतेंगे।
दूसरे राउंड की काउंटिंग खत्म हो गई है। दूसरे राउंड में बीजेपी को 3086, कांग्रेस को 2727, इनेलो को 499 और लोसुपा को 649 वोट मिल। कांग्रेस अब भी 689 वोट से आगे है। मतगणना सेंटर पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा के मध्यनजर मोहाना गांव छावनी में तब्दील हो गया है। किसा भी वाहन को एंट्री नहीं दी जा रही है। चुनिंदा लोगों को एंट्री दी गई है।
बरोदा उपचुनाव की मतगणना के पहले राउंड में 4710 कुल काउंटिंग हुई। जिसमें कांग्रेस को 2595 वोट, बीजेपी को 1574, इनेलो को 202 और राजकुमार सैनी को 250 वोट मिले। 6 नम्बर बूथ की ईवीएम मशीन में खराबी आने के सूचना आई है। भाजपा प्रत्याशी योगेश्वर दत्त काउंटिंग सेंटर पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि बरोदा में उनकी ही जीत होगी, वे अपनी माता और बजरंग बली से आशीर्वाद लेकर आए हैं।
मतगणना से पहले कांग्रेस प्रत्याशी इंदुराज नरवाल ने सुबह 6:00 बजे अपने गांव के मंदिर में माता रानी की पूजा की। पूजा पाठ करके के बाद वह मतगणना केंद्र गए।
गौरतलब है कि बरोदा विधानसभा सीट पर हो रहा यह चुनाव हरियाणा के इतिहास में 35वां उपचुनाव हो रहा है। पिछले आम चुनाव में इस सीट से कांग्रेस के स्वर्गीय विधायक श्रीकृष्ण हुड्डा ही चुने गए थे, जिनका देहांत इसी साल 12 अप्रैल को हो गया था, जिसके बाद बरोदा उपचुनाव आयोजित करवाया गया है। उपचुनाव के मैदान में कांग्रेस के प्रत्याशी इंदुराज नरवाल उर्फ भालू, भाजपा के प्रत्याशी योगेश्वर दत्त, इनेलो के प्रत्याशी जोगेन्द्र मलिक व एलएसपी के प्रत्याशी राजकुमार सैनी उतरे हैं। वहीं भाजपा के प्रत्याशी योगेश्वर दत्त पिछले आम चुनाव में भी बरोदा सीट से चुनाव लड़े थे, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
बरोदा विधानसभा के अबतक के विधायक
चुनाव | विधायक | पार्टी |
1967 | राम धारी | कांग्रेस |
1968 | श्याम चंद | विशाल हरियाणा पार्टी |
1972 | श्याम चंद | कांग्रेस |
1977 | भले राम | जनता पार्टी |
1982 | भलेराम | लोकदल |
1987 | किरपा राम | लोकदल |
1991 | रमेश कुमार खटक | जनता पार्टी |
1996 | रमेश कुमार खटक | समता पार्टी |
2000 | रमेश कुमार खटक | इंडियन नेशनल लोकदल |
2005 | रामफल | इंडियन नेशनल लोकदल |
2009 | श्री कृष्ण हुड्डा | कांग्रेस |
2014 | श्री कृष्ण हुड्डा | कांग्रेस |
2019 | श्री कृष्ण हुड्डा | कांग्रेस |
बरोदा रचेगा इतिहास
इतिहास रचे जाने का तथ्य इस प्रकार है कि इस सीट पर जीत चाहे कांग्रेस जीते या भाजपा इतिहास रचा जाना तय है। अगर बरोदा में कांग्रेस जीत दर्ज करती है तो यह कांग्रेस द्वारा रचा गया इतिहास होगा कि इस सीट पर कांग्रेस लगातार 4 बार जीत दर्ज कर रही होगी। वहीं अगर भाजपा ने जीत दर्ज की तो यह भाजपा द्वारा रचा गया इतिहास होगा कि भाजपा ने यहां पहली बार कमल खिलाया हो। बता दें कि भाजपा ने बरोदा में कभी भी जीत दर्ज नहीं की है।
बरोदा उपचुनाव का विजेता पहली बार जाएगा विधानसभा
बरोदा उपचुनाव पर पूरे हरियाणा के लोगों की निगाहें टिकी हुई हैं। बरोदा के रण में 14 कैंडिडेट मैदान में उतरे हुए थे, अब कल मतदान के परिणाम आने के बाद देखना ये होगा कि बरोदा की कुर्सी पर कौन बैठने वाला है। इस उपचुनाव में दिलचस्प बात यह है कि इस बार बरोदा की जनता जिसे अपना विधायक बनाएगी, वह विधानसभा में पहली बार जाएगा, क्योंकि भाजपा के उम्मीदवार योगेश्वर दत्त, कांग्रेस के उम्मीदवार इंदुराज नरवाल उर्फ भालू, इनेलो के उम्मीदवार जोगेन्द्र मलिक व एलएसपी के उम्मीदवार राजकुमार सैनी सहित अन्य उम्मीदवार विधायकी की दौड़ में नए हैं।