बुजुर्ग किसान पर हमला कर दांत व उंगली तोड़ी
punjabkesari.in Friday, Dec 25, 2020 - 12:28 AM (IST)
पानीपत, (संजीव नैन) : गांव कारद में खेत में गए बुजुर्ग किसान पर एक शराबी ने लाठी डंडे से हमला बोल दिया। जिससे बुजुर्ग के बाएं हाथ की उंगली टूटी है तथा नीचे का दांत भी हिल गया है। पीडि़त ने अस्पताल में अपना उपचार करवाकर मामले की शिकायत पुलिस को दी है। जिस पर थाना इसराना में केस दर्ज करके पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
गांव कारद निवासी 73 वर्षीय राजपाल पुत्र चन्दन ने बताया कि वह सोमवार की शाम को अपने खेत में गया हुआ था। उसी दौरान गांव का ही निवासी भगता शराब पीकर नशे की हालत में अपने हाथ में डंडा लिए हुए उसके खेत में आया और उसके साथ गाली गलौच करने लगा। जब उसने आरोपी को गाली देने से रोकना चाहा तो उसने अपने हाथ में लिए हुए डंडे का वार उसके सिर पर करना चाहा। जिस पर उसने अपने आपको बचाने के लिए हाथ अड़ा लिया। जिससे डंडे का वार उसके सिर की बजाय हाथ पर लगा और उसके बाएं हाथ की उंगली टूट गई है। उसके बाद आरोपी ने उसके मुंह पर मुक्का मारा जिससे उसका नीचे वाला दांत हिल गया। तभी शोर सुनकर उसका बेटा मौके पर आ गया। जिसे आता देखकर आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग गया। रात का समय होने के कारण उसने गांव में ही प्राथमिक उपचार करवाया तथा अगले दिन सुबह पानीपत सिविल अस्पताल पहुंचकर इलाज करवाया है। पुलिस ने केस दर्ज करके आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।