हरियाणा में बढ़ता जा रहा क्राइम, पानीपत में पैदक जा रहे युवक पर हमलावरों ने किया हमला...PGI ले जाते वक्त तोड़ा दम
punjabkesari.in Sunday, Mar 22, 2026 - 10:02 AM (IST)
पानीपत (सचिन शर्मा) : पानीपत शहर के जगदीश नगर निवासी 18 वर्षीय युवक की शनिवार रात अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ चाकू मारकर हत्या कर दी। वारदात कुटानी रोड पर गंदे नाले की पुलिया और रानी महल के पास करीब 8:15 बजे हुई। हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए, जबकि घायल युवक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
पैदल जा रहे युवक पर अचानक हमला
पुलिस जांच और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार मूल रूप से यूपी का रहने वाला अश्वनी गोलगप्पों की रेहड़ी लगाकर अपने परिवार का गुजारा करता था। शनिवार रात वह कुटानी रोड से पैदल गुजर रहा था, तभी 4-5 अज्ञात युवकों ने उसे घेर लिया। हमलावरों ने बिना किसी बात के अश्वनी पर चाकुओं से हमला शुरू कर दिया। अश्वनी के शरीर पर पेट, छाती और अन्य हिस्सों में 5 से ज्यादा जगहों पर चाकुओं के गहरे निशान मिले हैं। हमले के बाद हमलावर भाग निकले और अश्वनी वहीं सड़क पर खून से लथपथ होकर गिर पड़ा।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
परिजनों को जैसे ही सूचना मिली, वे तुरंत अश्वनी को गंभीर हालत में पानीपत के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे तुरंत रोहतक PGI रेफर कर दिया। बदकिस्मती से, रोहतक ले जाते समय रास्ते में ही अश्वनी की मौत हो गई।
पुलिस जांच में जुटी
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके का मुआयना किया। पुलिस के हाथ अभी तक हमलावरों का कोई सुराग नहीं लगा है, लेकिन आसपास के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मृतक के शव को पानीपत के सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने पुरानी रंजिश या लूटपाट के एंगल से जांच शुरू कर दी है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)