Haryana में पूर्व विधायक का WhatsApp हैक, 26 हजार लोगों से मांगी गया पैसा... ऐसे खुला पूरा मामला

punjabkesari.in Thursday, Jun 04, 2026 - 04:16 PM (IST)

पानीपत: हरियाणा के पानीपत जिले में साइबर अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे आम जनता के साथ-साथ रसूखदार नेताओं और पूर्व जनप्रतिनिधियों को भी अपना निशाना बनाने से नहीं चूक रहे हैं। ताजा मामला समालखा के पूर्व विधायक और इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के वरिष्ठ नेता भरत सिंह छौक्कर के साथ सामने आया है, जहाँ शातिर ठगों ने उनका वॉट्सएप अकाउंट हैक कर लिया।


मिली जानकारी के अनुसार, साइबर ठगों ने पूर्व विधायक भरत सिंह छौक्कर को अपने जाल में फंसाने के लिए 'पेट्रोल पंप दिलाने' का बड़ा झांसा दिया था। इस बिजनेस डील के बहाने ठगों ने चालाकी से उनके फोन का एक्सेस लिया और उनका वॉट्सएप (WhatsApp) अकाउंट पूरी तरह हैक कर अपने कब्जे में ले लिया। अकाउंट हैक करते ही ठगों ने पूर्व विधायक के रसूख और जान-पहचान का फायदा उठाना शुरू कर दिया। ठगों ने उनके वॉट्सएप से जुड़े करीब 26 हजार लोगों (कॉन्टैक्ट्स) को धड़ाधड़ मैसेज भेजकर पैसों की डिमांड शुरू कर दी। अचानक पूर्व विधायक के नंबर से पैसों की मांग वाले मैसेज देखकर उनके समर्थकों और परिचितों में खलबली मच गई।


गनीमत यह रही कि पूर्व विधायक ने समय रहते स्थिति को भांप लिया और बिना घबराए तुरंत इसकी सूचना पानीपत साइबर थाना पुलिस को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई (Quick Action) की। ठग किसी बड़ी रकम को ऐंठ पाते, उससे पहले ही पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए पूर्व विधायक का फोन और वॉट्सएप अकाउंट सकुशल रिकवर कर लिया। इस तरह पुलिस और नेता की सूझबूझ से एक बहुत बड़ा वित्तीय फ्रॉड और बदनामी का खतरा टल गया।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static