झाड़-फूंक से बीमारी ठीक करने का झांसा देकर विधवा से ठगे गहने

punjabkesari.in Sunday, Feb 10, 2019 - 02:40 PM (IST)

पानीपत(संजीव): आज के वैज्ञानिक युग में भी कुछ लोग टोना-टोटका और झाड़-फूंक जैसी चीजों पर विश्वास करते हैं जिसका लाभ उठाते हुए ठग व बदमाश लोग वारदात को अंजाम देने में कामयाब हो जाते हैं। ऐसा ही एक मामला हरि सिंह कालोनी में सामने आया है जिसमें एक बदमाश विधवा महिला से झाड़ फूंक से बीमारी ठीक करने के बहाने गहने ले उड़ा।हरि सिंह कालोनी निवासी करीब 45 वर्षीय महिला दर्शनी देवी ने पुलिस को बताया कि उसके पति पाल सिंह की मौत हो गई है। वह भी काफी समय से बीमार चल रही है। शनिवार सुबह को उसके पास एक बदमाश आया तथा उससे बातचीत करते हुए बीमारी को लेकर काफी हमदर्दी जताई। बदमाश ने उसे बातों में उलझाते हुए बताया कि वह बहुत बड़ा ज्योतिषी है तथा झाड़-फूंक करके उसकी बीमारी को ठीक कर सकता है। वह मंगलवार व शनिवार को झाड़ा लगाता है और इत्तेफाक से आज शनिवार ही है। यदि महिला चाहे तो वह उसकी बीमारी को खत्म कर सकता है।

महिला ने पुलिस को बताया कि वह झांसे में आ गई तथा झाड़ा लगाने के लिए हामी भर दी। जिस पर बदमाश ने उसे बताया कि झाड़ा लगाने के लिए पीली धातु की जरूरत है इसीलिए वह अंगुली में पहनी अंगूठी व गले में पहनी सोने की चेन उसे दे दे, झाड़ा लगाने के बाद वह उसे वापस कर देगा। जैसे ही उसने अंगूठी व चेन बदमाश को दी तो उसने कुछ मंत्र से बुदबुदाते हुए सोने की चेन व अंगूठी उसके सामने से घुमाई। उसके बाद बदमाश प्रसाद लाने का बहाना बनाकर वहां से चला गया और फिर लौटकर नहीं आया। उसे बाद में पता चला कि बदमाश ने झाड़ा लगाने के बहाने उसे अढ़ाई तोले के सोने के गहने ठग लिए हैं। थाना किला पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Deepak Paul

Recommended News

Related News

static