बी.पी.एल. परिवारों को सड़ा व कीड़े लगा गेहूं बांटा(VIDEO)

punjabkesari.in Tuesday, Jan 28, 2020 - 01:35 PM (IST)

रेवाड़ी(पंकेस): गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले बी.पी.एल. परिवारों को सड़ा, बदबूदार व कीड़े लगा गेहूं बांटने का मामला सोमवार को डी.सी. दरबार जा पहुंचा। डी.सी. ने तुरंत जांच टीम राशन डिपो पर भेजी लेकिन डिपो बंद होने पर टीम ने वहां नोटिस चस्पा कर दिया। इस मौके एकत्रित महिलाओं का आरोप है कि डिपो होल्डर पिछले कई माह से ऐसा सड़ा हुआ गेहूं खाने को मजबूर कर रहा है। जिससे उनके बच्चे बीमार हो रहे हैं।

जानकारी अनुसार नगर के मुक्तिवाड़ा मोहल्ला में राशन डिपो धारक कैलाश ने सोमवार को बी.पी.एल. परिवारों को गेहूं वितरित किया। गेहूं लेने पहुंची महिलाओं का उस समय रोष बढ़ गया, जब उन्हें सड़ा, बदबूदार व कीड़े लगा गेहूं दिया गया। महिला आशा, बिमला आदि का कहना था कि पिछले 6-7 माह से वे गंदा गेहूं ले जा रहे थे लेकिन आज तो ऐसा गेहूं दिया गया है, जो खाने लायक भी नहीं हैं। यह जानकारी जब वार्ड की पार्षद सुचित्रा चांदना को मिली तो वह भी मौके पर पहुंच गई और महिलाओं को साथ लेकर जिला उपायुक्त कार्यालय जा पहुंची। 

उपायुक्त यशेंद्र सिंह ने इन बी.पी.एल. परिवार से जुड़ी महिलाओं की बात सुनने के बाद तुरंत डी.एफ.ओ. को फोन पर लताड़ा लेकिन वह शहर से बाहर होने के कारण वहां नहीं पहुंच सके। बाद में डी.सी. ने खाद्य एवं आपूॢत विभाग के निरीक्षक सतेंद्र कुमार को बुलाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डी.सी. ने तहसीलदार मनमोहन सिंह व एस.डी.एम. रविंद्र यादव को जांच टीम के रूप में डिपो पर भेज दिया। यह जांच टीम मुक्तिवाड़ा के डिपो पर पहुंची तो वह बंद मिला।

एस.डी.एम. ने डिपो के शटर पर नोटिस चस्पा करते हुए लिख दिया कि सोमवार को जांच टीम डिपो पर पहुंची थी। डिपो बंद होने के कारण इसे सील कर दिया गया है। जांच टीम की इजाजत लिए बिना डिपो न खोले। एस.डी.एम. रविंद्र यादव ने कहा कि गंदा गेहूं बांटे जाने की सूचना मिलने पर डी.सी. के निर्देश पर वे मौके पर आए थे। डिपो का ताला लगा दिया गया है और जांच के बाद डिपो धारक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

vinod kumar

Recommended News

Related News

static