घोटालों के 101 नुस्खे लिख सकते हैं हुड्डा : अभिमन्यु

punjabkesari.in Monday, Jul 04, 2016 - 04:32 PM (IST)

रोहतक (दांगी): पिछली सरकार में जमकर भ्रष्टाचार किया गया। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा चाहें तो जमीन घोटालों के 101 नुस्खे नाम से किताब भी लिख सकते हैं क्योंकि उनको इसमें महारत हासिल है। 

 

यह कहना है वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु का। वह रविवार दोपहर शहर में इंडस स्कूल में कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद मीडियाकर्मियों से रू-ब-रू हो रहे थे। दुष्यंत के हालिया आरोपों पर अभिमन्यु ने कहा कि यदि दुष्यंत चौटाला के पास कोई सबूत है तो सबके सामने लाएं अन्यथा सार्वजनिक रूप से जनता से झूठ बोलने के लिए माफी मांगें।

 

अभिमन्यु ने कहा कि 7वें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू करने से पहले कर्मचारियों की मांग पर पूर्व की विसंगतियां दूर की जाएंगी। पूरे आबकारी एवं कराधान विभाग की कार्यप्रणाली ऑनलाइन की गई है। इसके अलावा एच.एस.आई.आई.डी.सी. के प्लाटों का आबंटन अब मंत्रालय के एक कमरे में बैठकर नहीं होता अपितु इसे भी ऑनलाइन खुली बोली के रूप में परिवर्तित कर दिया गया है। इसके अलावा 10 करोड़ तक का सी.एल.यू. या एक एकड़ तक के सी.एल.यू. का अधिकार भी डी.सी. को देकर इसे भी टाइम बाऊंड कर दिया गया है।

 

ये सरकार द्वारा भ्रष्टाचार की सफाई अभियान के अंतर्गत ही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अपने हवाई अड्डे के लिए भी 75 करोड़ रुपए और कुंडली-मानेसर हाईवे सैक्शन 400 दिन में पूरा करने की योजना है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static