विनोद बाला शान-ए-हरियाणा अवार्ड से सम्मानित
punjabkesari.in Sunday, Feb 18, 2018 - 12:28 PM (IST)

रोहतक(ब्यूरो): जिले के समीपवर्ती गांव भालोट में अखिल भारतीय महिला रक्षा मंच के तत्वावधान में शान-ए-हरियाणा सम्मान समारोह एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें बलात्कार, दहेज व भ्रूण हत्या जैसे मुद्दों पर महिला रक्षा मंच ने समाज व खाप के लोगों से परिचर्चा की। इस अवसर पर महिला रक्षा मंच ने सामाजिक, शैक्षणिक इत्यादि विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी रहने वाले प्रतिभावान व कुशल महिला, पुरुषों एवं युवाओं का शान-ए-हरियाणा अवार्ड के लिए चयन किया गया।
शिक्षा व समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने में कुशलता से अग्रणी स्थान प्राप्त करने पर झज्जर जिले की महिला विनोद बाला धनखड़ को जिला परिषद अध्यक्ष बलराज कुंडू ने शान-ए-हरियाणा अवार्ड देकर सम्मानित किया और उनकी खूबियों का व्याख्यान किया। विनोद बाला धनखड़ पिछले कई वर्षों से बच्चों को शिक्षा देने के साथ समाज सेवा के कार्यों में बढ़-चढ़ कर हिस्सा ले रही हैं और नि:स्वार्थ भाव से सामाजिक कुरीतियों को जड़ से समाप्त करने व महिलाओं को स्वावलम्बी बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
विनोद बाला धनखड़ उच्चकोटि की शिक्षित एक ऐसी महिला हैं जो खुद आॢथक संकटों से झूझते हुए समाज व गरीब परिवार के उत्थान के लिए कार्य कर रही हैं तथा महिलाओं एवं युवा वर्ग के लिए ग्रामीण परिवेश में रहते हुए उनकी मार्गदर्शक बनी हुई हैं। विनोद वाला बगैर किसी की परवाह के आगे बढ़ते हुए समाज सेवा के कार्यकलापों का सारा प्रबंधन स्वयं अपने स्तर पर करती हैं। उनके भावों से ऐसा प्रतीत होता है मानो उन्होंने अपने जीवन की दशा और दिशा तय की हुई है।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय महिला रक्षा मंच के अध्यक्ष विजय कालीरमण, महासचिव कुलदीप दांगी, धनखड़ खाप के संयोजक डा. ओमप्रकाश धनखड़, पूर्व डिप्टी लेबर कमिश्नर मनोरमा राणा, कालीरमण फाऊंडेशन के प्रदेशाध्यक्ष नरेश राणा, अशोक खर्ब, सुनीता चौहान, सीमा दहिया, राजकुमार भोला व राजबाला देवी भी उपस्थित थे।