महल से लेकर वंडरलैंड तक हर तरफ सन्नाटा, अब चंद डेरा प्रेमी ही डेरे में मौजूद

punjabkesari.in Thursday, Sep 07, 2017 - 06:08 PM (IST)

सिरसा: सर्च आप्रेशन से पहले डेरा सच्चा सौदा में पिन ड्राप साइलैंस बना है। गुरमीत सिंह के बेटे जसमीत इन्सां के जिस महल को सुरक्षाकर्मी घेरे रहते थे,उन पर ताला लटका नजर आया। बाबा के सैवन वंडर के सभी रिसोर्ट में वीरानगी थी।  शिप के आकार में बने अत्याधुनिक एम.एस.जी. रिसोर्ट के गेट पर ताला था और अंदर सन्नाटा। पंजाब केसरी की टीम ने आज दोपहर करीब 1 बजे किसी तरह से डेरे में प्रवेश किया। यहां 3 घंटे तक जायजा लिया। चंद लोग ही डेरे में नजर आए। डेरे के बिल्कुल अंतिम गेट से प्रवेश किया तो दूर-दूर तक फैले एलोवेरा के खेतों में कोई मजदूर नजर नहीं आया।

दरअसल, डेरे में अब चंद डेरा प्रेमी हैं। अधिकतर सेवादार हैं और अरसे से यहां रह रहे हैं। गल्र्स कालेज में एक सुरक्षा कर्मी तैनात था। यह कालेज पिछली 24 अगस्त से बंद है। यहां पर करीब 1150 छात्राएं हैं। इससे आगे डेरामुखी के बेटे जसमीत इन्सां के महल में भी सन्नाटा था। महल के दोनों गेट बंद थे। दो एकड़ में फैले इस आलीशान महल में तमाम शाही सुविधाएं हैं। इसी महल के बगल में 5 एकड़ में फैला एम.एस.जी. इंटरनैशनल ग्लौरियश स्कूल है।  यहां 3 गार्ड तैनात थे। 
PunjabKesari
गार्ड ने बताया कि उन्होंने काफी दिनों से शाही परिवार नहीं देखा। जसमीत इन्सां के विदेश में होने की चर्चा है, जबकि बाकी सदस्य श्रीगंगानगर के गुरुसर मोडिया में हैं। यहां से थोड़ी दूरी पर एम.एस.जी. रिसोर्ट भी बंद है। दीवार फांदकर अंदर पहुंचे। शिपनुमा आकार में बने होटल के लॉन में अत्याधुनिक गोल्फ कार्ट गाडिय़ां खड़ी थी, पर कोई भी शख्स नजर नहीं आया। यहां से कुछ दूर स्थित वंडर लैंड में सन्नाटा था।

डेरे का वंडरलैंड हैरान करने वाला है। यहां चर्च के आकार की बिल्डिंग है। इसके अलावा एक हॉर्स हाऊस है। इसका आकार घोड़े की तरह है। एक चांद के आकार की इमारत तो एक सूरज के आकार की इमारत है। पेरिस के एफिल टॉवर की तरह एक इमारत बनाई गई है। रोचक बात यह है कि इन सभी इमारतों में आलीशान कमरे हैं। यहां आने वाले मेहमान महंगा किराया देकर इन अत्याधुनिक कमरों में रुकते थे। बताया गया है कि इन कमरों का किराया 20 हजार से लेकर डेढ़ लाख रुपए तक है। एक तिब्तियन शैली की भी इमारत है। डेरा में हाइटैक कालोनी भी है। प्रत्येक 4 मंजिला इमारत में फ्लैट बने हैं। प्रत्येक फ्लैट को 32 लाख रुपए के सिक्योरिटी अमाऊंट पर दिया गया था। अब यह कालोनी भी वीरान है, क्योंकि डेरा अनुयायी यहां से जा चुके हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static