100 करोड़ का कर्ज होने पर प्रॉपर्टी डीलर ने रचा ड्रामा, मैनेजर से मरवाई गोली

punjabkesari.in Friday, Oct 12, 2018 - 02:16 PM (IST)

सोनीपत: राई स्थित उप तहसील के बाहर से अपहरण कर गोली मारने का आरोप लगाने वाले प्रॉपर्टी डीलर को पुलिस ने काबू कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी दिल्ली के मॉडल टाऊन का रहने वाला राजीव गुप्ता है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है। प्रॉपर्टी डीलर पर करीब 100 करोड़ रुपए का कर्ज बताया गया है। जिससे बचने के लिए उसने यह ड्रामा रचा था। पुलिस ने उसके मैनेजर को गिरफ्तार कर मामले से पर्दा उठाया था। उसने अपने मैनेजर से कहकर गोली मरवाई थी।  

विदित रहे कि दिल्ली के मॉडल टाऊन निवासी राजीव गुप्ता ने 4 अपै्रल को पुलिस को बताया था कि वह 15 मार्च को गांव नाथूपुर में प्लांट देखने के लिए आया था। वह वापस अपने घर की तरफ  जाने लगा तो कुंडली बार्डर पर पहुंचने के बाद वापस राई उप तहसील में आ गया था। कार को खड़ी कर जब वह उप तहसील में जाने लगा तो इसी दौरान 4 युवक उसे मिले थे। उनमें से एक युवक ने अपना नाम रईस बताकर उससे कहा था कि आप तो प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं। जिस पर वह उनके पास खड़ा हो गया था। उसने युवक को सिगरेट पीने के लिए पूरी डिब्बी दे दी थी। जिस पर युवक ने उसे एक सिगरेट पीने को दे दी थी।

 सिगरेट पीने के बाद वह बेहोश हो गया। जब होश आया तो उसने स्वयं को एक गाड़ी में पहाड़ी एरिया में पाया था। उसके हाथ बंधे हुए थे। गाड़ी में 2 युवक आगे व 2 युवक उसके दोनों साइड में बैठे हुए थे। बाद मेें वह उसे अज्ञात स्थान पर बने कमरे में ले गए थे। बाद में उसे फिर से कार में डाल लिया गया था। उसके बाद उसे गाड़ी में बिठाकर खेतों में बने एक कमरे में ले गए थे। उन्होंने उससे घर में रखे पैसों के बारे में पूछा था और वीडियो भेजने के लिए घर का नंबर देने को कहा था।

 जिस पर उसने अपने जानकार एस.के.मल्होत्रा का मोबाइल नंबर उन्हें दे दिया था। बदमाशों ने 17 मार्च को उसे खाना दिया था। उसके अगले दिन जब रईस ने उसे खाना देने के लिए दरवाजा खोला तो उसने उसे धक्का देकर भागने लगा था। रईस ने उसके पैर में गोली मार दी। जिसके बाद वह बेहोश हो गया। जब उसे होश आया तो वह सुनसान स्थान पर था। वहां से एक कार चालक से उसने लिफ्ट देकर अस्पताल पहुंचाया था। वहां से उसका जानकार एस.के.मल्होत्रा उसे सहारनपुर के अस्पताल में ले गया था। बदमाश उसका आई फोन, घड़ी, सोने की 2 चेन, अंगूठी, पर्स में रखी 40 हजार रुपए की नकदी निकाल ले गए थे। 


मामले में जांच करते हुए ए.एस.आई. पूर्ण सिंह ने राजीव गुप्ता के मैनेजर यू.पी. के सहारनपुर स्थित बादशाहपुर गांव निवासी अजमेर को काबू कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि उसके मालिक राजीव गुप्ता ने ही उसे गोली मारने को कहा था। जिस पर उसने पैर में गोली मार दी थी। मामले में अब पुलिस ने राजीव गुप्ता को भी पकड़ लिया है। उसे अदालत से एक दिन के रिमांड पर लिया गया है। उसने बताया कि उस करीब 100 करोड़ रुपए कर्ज था। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Deepak Paul

Recommended News

Related News

static