शहर में 4 व छावनी में 3 झोलाछाप डाक्टर चढ़े सी.एम. फ्लाइंग के हत्थे

punjabkesari.in Friday, Nov 10, 2017 - 01:32 PM (IST)

अम्बाला शहर(मुकेश):गत दिवस को सी.एम. फ्लाइंग की झोलाछाप डाक्टरों पर कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। रेड का पता चलते ही कई झोलाछाप डाक्टर अपने क्लीनिक व संदिग्ध मैडीकल स्टोर संचालक दुकान के शटर डाऊन कर फरार हो गए लेकिन देर शाम तक चली सी.एम. फ्लाइंग की रेड के दौरान 4 झोलाछाप डाक्टरों को काबू कर लिया गया। पता चला है कि यह डाक्टर एलोपैथिक, होम्योपैथिक और आयुर्वैदिक दवाई से लोगों का इलाज कर रहे थे। लेकिन इनके पास न तो कोई डिग्री है और न ही प्रैक्टिस करने की कोई इजाजत।

बावजूद इसके यह नकली डाक्टर बनकर लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर रहे थे। पकड़े गए आरोपी नकली डाक्टरों को संबंधित थाने की पुलिस के हवाले कर दिया गया है। सी.एम. फ्लाइंग की टीम में स्वास्थ्य विभाग के ड्रग इंस्पैक्टर दिनेश राणा अपने साथियों सहित व सी.आई.डी. अधिकारी अनिल शर्मा व गुरसाहब शामिल हुए। पहले सी.एम. फ्लाइंग ने अचानक सदर थाना क्षेत्र के गांव मोहड़ी में रेड की और यहां से झोलाझाप डाक्टर विजेंद्र शर्मा को पकड़ा। 

इसके बाद टीम ने गांव मटेहड़ी शेखां में रेड कर यहां क्लीनिक चला रहे ईश्वर सिंह नामक व्यक्ति को पकड़ा। तीसरी रेड मटेहड़ी चौक के पार एक क्लीनिक में हुई। यहां से शहर निवासी रणजीत को पकड़ा गया। इसके बाद में टीम दुर्गानगर पहुंची और यहां से टीम ने कुलबीर सिंह को क्लीनिक चलाते हुए पकड़ा। इन सभी को टीम ने मौके पर उसकी डिग्री और प्रैक्टिस करने की इजाजत संबंधी कागजात दिखाने को कहा तो यह नहीं दिखा पाए। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि उसके पास कोई डिग्री नहीं है।

दवाइयां व अन्य सामान किया सील 
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के कार्यक्षेत्र में गत रात तक सी.एम. फ्लाइंग की टीम ने गांव शाहपुर और घसीटपुर में झोलाछाप डाक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की, जिसमें 3 को काबू कर लिया गया। इस दौरान उसके पास से मिली दवाइयों व अन्य सामान को भी सील कर दिया गया। कार्रवाई में घसीटपुर के झोलाछाप डाक्टर सुरेश कुमार को पकड़ा गया। पुलिस ने बताया कि सुरेश कुमार करीब 15 सालों से लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर रहा था। वही दूसरी टीम ने एस.एम.ओ. राजिंद्र, डा. अविंद्रजीत, डा. मनदीप सचदेवा,डा. गौरव गर्ग, फार्मासिस्ट रोहित व सी.एम. फ्लाइंग की टीम ने गांव शाहपुर में झोलाछाप डाक्टर जसवंत और रामधारी द्वारा चलाए जा रहे क्लीनिकों पर छापेमारी की। जहां पर पूछताछ करने पर दोनों के पास से कोई भी डिग्री नहीं मिली। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static