वर्णिका कुंडू छेड़छाड़ मामला: पांच महीने बाद जेल से बाहर आए विकास बराला (VIDEO)

punjabkesari.in Friday, Jan 12, 2018 - 08:06 PM (IST)

चंडीगढ़(धरणी): छेड़छाड़ के मामले में विचाराधीन कैदी के रूप में जेल गए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला के बेटे विकास बराला करीब पांच महीने बाद जेल से बाहर आए गए हैं। जिन्हें जेल से लेने के लिए दर्जनों गाडिय़ां जेल के मुख्य द्वार पर पहुंची हुई थी। इस दौरान मीडिया से बचाव करते हुए विकास बराला काे गाड़ी में बिठा कर उनके घर ले जाया गया। बता दें कि, आईएएस अधिकारी की बेटी वर्णिका कुंडू ने विकास बराला पर पीछा करने और छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। इसी मामले में विकास को गिरफ्तार किया गया था।

उल्लेखनीय है कि विकास बराला और उसके साथी आशीष पर 4 अगस्त पर हरियाणा के सीनियर आईएएस वीएस कुंडू की बेटी वर्णिका कुंडू से छेड़छाड़ का आरोप है। दोनों पर शराब के नशे में पीछा करने, छेड़छाड़ करने और अपहरण के प्रयास के आरोप में मामला दर्ज हुआ था। मामले ने जब तूल पकड़ा तो विकास और आशीष को गिरफ्तार कर लिया गया था। विकास बराला हरियाणा बीजेपी के अध्यक्ष सुभाष बराला का बेटा हैं। पीड़ित वर्णिका के मुताबिक सेक्टर-7 से ही आरोपी उसका पीछा कर रहे थे और बीच रास्ते में कई बार अपनी गाड़ी को उसके आगे करके उसकी खिड़की पर भी हाथ मारा था।

विकास बराला ने हाईकोर्ट का रुख करने से पहले ट्रायल कोर्ट में जमानत याचिका लगाई थी लेकिन, उसे कोर्ट द्वारा खारिज कर दिया गया था। विकास बराला और उसके दोस्त आशीष को हाइप्रोफाइल छेड़छाड़ प्रकरण में 9 अगस्त को चंडीगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया था।

वहीं मामले में अब तक वर्णिका कुंडू का क्रॉस एग्जामिनेशन हो चुका है। अगली सुनवाई 23 जनवरी को होगी। उस दिन वर्णिका के पिता और हरियाणा कैडर के आईएएस वीएस कुंडू के बयान दर्ज किए जाएंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static