टोहाना में सनसनी: कल्पना चावला पार्क के तालाब में मिला क्षत-विक्षत शव, सिर और पैर गायब
punjabkesari.in Saturday, Jul 11, 2026 - 08:30 AM (IST)
टोहाना (रमेश): शहर के रेलवे रोड स्थित प्रसिद्ध कल्पना चावला पार्क में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां बने तालाब में एक बेहद पुरानी और क्षत-विक्षत (डीकंपोज) हालत में लाश तैरती हुई पाई गई। शव मिलने की सूचना फैलते ही पार्क में सैर करने आए लोगों और स्थानीय निवासियों में सनसनी फैल गई।सूचना मिलते ही शहर थाना प्रभारी कुलदीप सिंह पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
शहर थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि कल्पना चावला पार्क के बीच बने तालाब में एक अज्ञात शव तैर रहा है। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया।
शव की हालत देख सहम गए लोग; 2 महीने पुराना होने का अनुमान
थाना प्रभारी ने बताया कि पानी में लंबे समय तक रहने के कारण शव की हालत बेहद खराब (बुरी कंडीशन) हो चुकी है। प्राथमिक दृष्टि से देखने पर ऐसा प्रतीत होता है कि यह शव करीब डेढ़ से दो महीने पुराना है। शव के अत्यधिक गल जाने के कारण फिलहाल उसकी पहचान या लिंग का सटीक अंदाजा लगाना मुश्किल हो रहा है।
FSL टीम और सीसीटीवी फुटेज खंगालेगी पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को मौके पर निरीक्षण के लिए बुलाया है। पुलिस पार्क और उसके आसपास के रास्तों पर लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह व्यक्ति पार्क में कब और कैसे पहुंचा, या फिर शव को कहीं बाहर से लाकर यहां फेंका गया है।