सरकारी स्कूलों के बच्चे अब बोलेंगे ''फ्रेंच''! हरियाणा में इसी सत्र से शुरू होगी पढ़ाई...जानें किस जिले को मिलेंगे कितने टीचर
punjabkesari.in Friday, Jul 03, 2026 - 01:39 PM (IST)
डेस्क: राज्य के सरकारी स्कूलों में वर्तमान शैक्षणिक सत्र 2026-27 से विद्यार्थियों को फ्रेंच भाषा सीखने का अवसर मिलेगा। शिक्षा विभाग की ओर से पिछले एक वर्ष से चल रहे विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का अंतिम चरण 6 से 10 जुलाई तक एससीईआरटी गुरुग्राम में आयोजित किया जाएगा। इसके बाद राज्य के 37 चयनित शिक्षक अपने-अपने जिलों के सरकारी स्कूलों में फ्रेंच भाषा पढ़ाएंगे।
हिसार को सबसे अधिक 6 और नूंह, रोहतक व सिरसा को 4-4 शिक्षक मिलेंगे। माध्यमिक शिक्षा महानिदेशालय ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को जारी पत्र में निर्देश दिए हैं कि नामित शिक्षक अंतिम आवासीय प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से भाग लें। इन शिक्षकों ने पिछले एक वर्ष में ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से फ्रेंच भाषा, आधुनिक शिक्षण पद्धति और फ्रेंच संस्कृति का व्यापक प्रशिक्षण मिला है। ब्यूरो
यहां हुई शिक्षकों की एक साल की ट्रेनिंग
फ्रेंच भाषा कार्यक्रम के तहत चयनित शिक्षकों को पिछले एक वर्ष में चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण दिया गया। एलायंस फ्रांसेज हैदराबाद के विशेषज्ञों ने नियमित ऑनलाइन साप्ताहिक कक्षाएं संचालित कीं। एलायंस फ्रांसेज दिल्ली में ऑफलाइन भाषा और शिक्षण कौशल का प्रशिक्षण दिया गया।