शादी से लौट रहे युवक पर हमला, घटना सीसीटीवी में कैद

punjabkesari.in Saturday, Feb 21, 2026 - 07:25 PM (IST)

नूंह, (ब्‍यूरो): फिरोजपुर झिरका शहर के वार्ड नंबर-15 निवासी मोहम्मद हुसैन पर रात करीब 10 बजे चार-पांच अज्ञात बदमाशों ने घास रोड स्थित टायर स्टैंड के पास हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सिटी थाना फिरोजपुर झिरका में दी गई शिकायत के अनुसार 15 फरवरी की देर रात हुसैन अपनी बहन के ससुराल में आयोजित शादी समारोह से लौट रहे थे। रास्ते में टायर स्टैंड पर कुछ सामान लेने के लिए रुके, तभी बदमाशों ने उनसे कहासुनी शुरू कर दी।

 

विरोध करने पर बदमाशों ने अचानक लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में हुसैन के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। परिवार का आरोप है कि यह हमला सुनियोजित था और आरोपी बाइक पर सवार थे। घटना के बाद बदमाश फरार हो गए। घायल युवक को तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें नूंह मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। बेहतर इलाज के लिए हुसैन को बाद में गुरुग्राम के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना ने इलाके में दहशत और डर का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय लोग और परिवार आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। स्थानीय लोग और परिवार का आरोप है कि यह हमला व्यक्तिगत मतभेद से अधिक सुनियोजित रूप में किया गया था, जिससे शहर में सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने कहा कि इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है और सभी संभावित सुरागों की जांच की जा रही है।

 

 

‘’शिकायत मिल गई है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। प्रभारी ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।‘’ सिटी थाना फिरोजपुर झिरका प्रभारी, कुलदीप


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Gaurav Tiwari

Related News

static