चुनाव चोरी करने का भाजपा ने बनाया सिस्टम : राहुल गांधी

punjabkesari.in Friday, May 08, 2026 - 08:52 PM (IST)

गुड़गांव, 8 मई (ब्यूरो): लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को गुरूग्राम में पूर्व सांसद एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के विदेशी मामले विभाग के उपाध्यक्ष बृजेंद्र सिंह की अगुवाई में निकाली जा रही सद्भाव यात्रा में शिरकत की। वे गुरूग्राम के खांडसा चौक से एसडी स्कूल तक करीब एक किलोमीटर तक पैदल चले। इस दौरान यात्रा का भव्य स्वागत हुआ और विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों ने यात्रा में शामिल होकर राहुल गांधी का स्वागत किया। पैदल यात्रा के समापन पर राहुल गांधी ने जनसभा को संबोधित किया। जनसभा में अपने संबोधन में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सद्भाव यात्रा निकालने पर बृजेंद्र सिंह को बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा की तर्ज पर हरियाणा में यह यात्रा की और जनता के बीच गए और हरियाणा की सड़कों पर चलें। आपको इस यात्रा से बहुत फायदा हो क्योंकि हरियाणा जो नब्ज है, वह आपने लोगों से सुनकर समझी है। राहुल ने कहा कि मेरी सोच है कि कांग्रेस पार्टी में हर प्रदेश में जो हमारे युवा नेता हैं, उन सबको जनता के बीच में इस तरह की यात्रा करनी चाहिए। कुछ साल पहले कन्याकुमारी से कश्मीर तक यात्रा की थी। 4 हजार किलोमीटर तक हम चले और हमारे साथ लाखों लोग चले थे। एक नारा था नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलनी है। यह नारा हमारा नारा नहीं था, यह नारा भीड़ से आया था। मगर देश को इस नारे की जरूरत थी और अभी भी देश को इस नारे की जरूरत है। राहुल गांधी ने कहा कि हिंदुस्तान में यात्रा का चलन है। हरियाणा के बारे में मुझसे अच्छा आप जानते हैं।

 

चुनाव चोरी करने का भाजपा ने बनाया सिस्टम

यहां का चुनाव बीजेपी ने चोरी किया। मध्य प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र, बंगाल, असम, इन्होंने सिस्टम बना लिया है चुनाव चोरी करने का। लाखों नाम काट देते हैं, नए नाम जोड़ देते हैं। आयोग इनके कंट्रोल में है, ये सोचते हैं कि हम सब कर लेंगे, लेकिन इनका टाइम आने वाला है, क्योंकि जनता को ये बात समझ आ गई है। नरेंद्र मोदी, अमित शाह देश को बेचने का काम करते हैं। इलेक्शन चोरी होता है, आपका धन आपसे छीना जाता है और अडाणी, अंबानी को दिया जाता है।

 

हरियाणा में सबसे बड़ा मुद्दा बेरोजगारी का

हरियाणा में सबसे बड़ा मुद्दा बेरोजगारी का मुद्दा है। ये हरियाणा की बात नहीं है, पूरे देश में बेरोजगारी फैल गई है। युवाओं को रोजगार नहीं मिल सकता है। डिग्री मिल जाती है, लेकिन रोजगार नहीं मिलता है। छोटी इंडस्ट्री बंद हो रही हैं। सीधी सी बात है कि अडाणी, अंबानी को बढ़ावा दिया जा रहा है, चीन का माल यहां बेचा जाता है। नरेंद्र मोदी कंट्रोल में हैं, इसका सबूत मेरे पास है। कुछ दिन पहले यूएस इंडिया डील हुई है। ये डील अमरीका के दबाव में हुई है। डील में भारत के कृषि सेक्टर को अमेरिका के किसानों के लिए खोल दिया गया है। वे अपना माल अब हिंदुस्तान में बेचेंगे, उनके हजारों एकड़ के खेत होते हैं। इससे हिंदुस्तान के किसान बर्बाद हो जाएंगे। साढ़े 9 लाख करोड़ रुपए का माल अमेरिका से हिंदुस्तान खरीदेगा। वहीं, भारत, अमेरिका की इजाजत के बगैर किसी भी देश से तेल नहीं खरीद सकता।

 

लोगों का सारा डॉटा मोदी ने दिया अमेरिका को

एपिस्तीन फाइल का जिक्र करके प्रधानमंत्री मोदी को घेरते हुए राहुल गांधी ने कहा कि लोगों का सारा डॉटा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका को पकड़ा दिया है।  इसके दो कारण हैं, सबसे पहला कारण एप्सटीन फाइल। नरेंद्र मोदी की पूरी हिस्ट्री उस फाइल में है। इसलिए ही अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कहते हैं कि नरेंद्र मोदी का करियर एक मिनट में खत्म कर देंगे। दूसरा कारण अडाणी है। अमेरिका में अडाणी पर क्रिमिनल केस है। ये केस अडाणी पर नहीं है, ये नरेंद्र मोदी पर है। मोदी और अडाणी एक हैं। कंपनी का नाम अडाणी है, लेकिन नाम मुदाणी होना चाहिए। ट्रंप की इजाजत के बिना नरेंद्र मोदी चूं नहीं कर सकते। ट्रंप कहेगा कि जंप मार तो वह जंप मारेगा। आप लिखकर ले लो, ये जो नरेंद्र मोदी हैं, ये टिक नहीं पाएंगे, क्योंकि जनता में इतना गुस्सा है। आपको जितने इलेक्शन चोरी करने हैं कर लो, लेकिन जनता में जो गुस्सा है उसका सामना करना पड़ेगा। लोकसभा में उन्होंने बात रखनी चाही तो बोलने नहीं दिया गया। अडाणी इनकी पूरी मार्केटिंग करता है। इनके पास ईडी है, सीबीआई है, इनकम टैक्स डिपार्टमेंट है। हम इनसे नहीं डरते। सिर्फ कांग्रेस पार्टी ही बीजेपी और नरेंद्र मोदी को हराएगी।

 

बीजेपी ने संविधान पर आक्रमण किया : राहुल

राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी ने संविधान पर आक्रमण किया है, देश की जनता का जो हक है उस पर आक्रमण किया है। इस बात को नहीं भूलेंगे, चाहे कुछ भी हो जाए। इस देश में दो ही विचारधाराएं हैं, एक नफरत की और एक कांग्रेस पार्टी की। बाकी सारी की सारी पार्टियां इनके सामने नहीं खड़ी हो पाएंगी। अंत में कांग्रेस पार्टी ही इनको हराएगी।

 

7 माह में करीब 2700 किलोमीटार यात्रा की : बृजेंद्र सिंह

पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने सद्भाव यात्रा से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। बताया कि यात्रा को 7 माह से अधिक हो चुके हैं। इस दौरान करीब 2700 किलोमीटार यात्रा की है। यात्रा के तहत अब तक 85 विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क किया गया है। यह यात्रा सद्भाव व भाईचारे के लिए निकाली जा रही है। इस यात्रा के जरिए लोगों को यह संदेश दिया है कि बीजेपी द्वारा फैलाई जा रही नफरत से बचकर रहें। उन्होंने बताया कि इस यात्रा की प्रेरणा राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से मिली और यह यात्रा, भारत जोड़ो यात्रा का ही विस्तार है। यात्रा के दौरान अंतरराष्ट्रीय से लेकर लोकल स्तर के मुद्दे सामने आए। चाहे वोट चोरी की बात करें, बेरोजगारी की बात करें, किसानों के मुद्दे की बात करें, लॉ एंड ऑर्डर की बात करें, कोई भी मुद्दा उठा लें, यह बीजेपी सरकार सोई हुई है। उन्होंने मनरेगा और दलितों से जुड़े हुए मुद्दे भी उठाए।

 

इस अवसर पर प्रमुख तौर पर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस प्रभारी बीके हरिप्रसाद, नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र, पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह डूमरखां, राज्यसभा सदस्य रणदीप सुरजेवाला, पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष उदयभान, पूर्व सांसद अशोक तंवर, दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री योगानंद शास्त्री, पूर्व विधायक प्रेमलता समेत अन्य वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे। यात्रा के मीडिया प्रभारी एडवोकेट अमित काजल ने बताया कि सद्भाव यात्रा की शुरूआत पिछले साल 5 अक्टूबर को हुई थी और अब तक 85 विधानसभा क्षेत्रों में जनसंपर्क किया जा चुका है। यात्रा का समापन रोहतक विधानसभा क्षेत्र में होगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Gaurav Tiwari

Related News

static