दुर्घटना में घायल को अस्पताल ले गए लोग, क्षतिग्रस्त बाइक ले गए चोर
punjabkesari.in Saturday, May 02, 2026 - 12:20 PM (IST)
गुड़गांव,(ब्यूरो): गुड़गांव में एक ऐसा हैरात कर देने वाला मामला सामने आया है जहां सड़क पर हुई दुर्घटना में जहां लोग घायल की मदद कर उसे अस्पताल पहुंचा रहे थे वहीं, इस मौके का फायदा शातिर चोरों ने उठाया। चोर घायल की क्षतिग्रस्त बाइक लेकर ही फरार हो गए। इलाज के दौरान घायल की मौत होने के बाद जब परिजन दुर्घटना स्थल पर बाइक लेने पहुंचे तो उन्हें बाइक नहीं मिली। पहले उन्होंने बाइक को पुलिस थाने में होना मानकर थाने गए, लेकिन वहां भी बाइक नहीं मिली जिसके बाद उन्होंने फर्रूखनगर थाना पुलिस को शिकायत देकर केस दर्ज कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस को दी शिकायत में गांव साढराणा निवासी ऋषि ने बताया कि उनके पिताजी स्पलेंडर बाइक लेकर 27 मार्च को सुलतानपुर के सूरज होटल के पास गए थे। इस दौरान एक ब्रेजा गाड़ी ने उन्हें टक्कर मार दी। इस घटना मेंं घायल होने के बाद लोगों ने उनके पिता हरिकिशन को एसजीटी अस्पताल पहुंचा दिया जहां उनका इलाज शुरू हो गया। उनकी हालत को देखते हुए वह अपने पिता को सेक्टर-90 के एक निजी अस्पताल ले गए और इलाज कराने लगे। इलाज में लगी चोटों के कारण उनके पिता ने अस्पताल में 30 मार्च को दम तोड़ दिया था। इसके बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा उन्हें सौंपा जिसके बाद उन्होंने अपने पिता के पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार कर दिया। अंतिम संस्कार करने के बाद जब वह मौके पर अपने पिता की क्षतिग्रस्त बाइक लेने गए तो वहां बाइक नहीं मिली। इस पर वह संबंधित थाने में गए और बाइक के बारे में पूछताछ की तो पता लगा कि बाइक को पुलिस ने भी कब्जे में नहीं लिया। इस पर उन्हें पता लगा कि बाइक को चोरी कर लिया गया है। इस पर उन्होंने पुलिस को शिकायत देकर केस दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।