ग्रीन पेंसिल फाउंडेशन ने फरीदाबाद में किया ‘क्लाइमेट कैंपस वार्तालीप’ का आयोजन
punjabkesari.in Sunday, Sep 21, 2025 - 07:15 PM (IST)

गुड़गांव, ब्यूरो: ग्रीन पेंसिल फाउंडेशन ने कम्युटिनी – द यूथ कलेक्टिव के सहयोग से सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, छैंसा, बल्लभगढ़, फरीदाबाद में क्लाइमेट कैंपस वार्तालीप का आयोजन किया। “इरादों से कार्रवाई की ओर” विषय पर आधारित इस पहल का उद्देश्य छात्रों को जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूक करना और सामुदायिक स्तर पर समाधान खोजने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम का संचालन ग्रीन पेंसिल फाउंडेशन के संस्थापक संडी खंडा ने किया। वे कम्युटिनी के चेंजालूमर कोहोर्ट 4 – यूथ क्लाइमेट लीडरशिप प्रोग्राम के अंतर्गत मान्यता प्राप्त युवा जलवायु नेता भी हैं। इस वार्तालीप में विद्यालय के अध्यापक दुश्यंत और कृष्णन ने भी भाग लिया। संवाद की शुरुआत छात्रों द्वारा अपने क्षेत्र की पर्यावरणीय चुनौतियों की पहचान से हुई। इसमें उन्होंने फसल और बायोमास अवशेष जलाना, ठोस कचरे का अंधाधुंध निस्तारण, खेतों और यमुना नदी में औद्योगिक अपशिष्ट, ईंट भट्टों की चिमनियों से निकलता धुआँ तथा उर्वरकों व कीटनाशकों के अत्यधिक प्रयोग जैसी समस्याओं को प्रमुख रूप से रखा।
खंडा ने सामूहिक प्रयास की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा, “ग्राम पंचायत, स्थानीय निवासियों और युवाओं के साथ मिलकर हम इन समस्याओं का व्यावहारिक समाधान ढूंढ सकते हैं। एक युवा जलवायु कार्यकर्ता के रूप में, मैं हरियाणा के आठ स्कूलों और कॉलेजों में कैंपस क्लाइमेट वार्तालीप आयोजित करूंगा ताकि छात्रों को सशक्त बनाया जा सके और समुदाय को भी इस मुहिम से जोड़ा जा सके। इसमें शिक्षा अधिकारियों, शिक्षकों और समाज के प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इस कार्यक्रम का संयोजन ग्रीन पेंसिल फाउंडेशन के नेशनल ऑपरेशन्स हेड श्री आकाश महतो ने किया, जबकि कम्युटिनी ने विशेष सहयोग दिया। कुल 60 छात्र-छात्राओं ने इसमें सक्रिय रूप से हिस्सा लिया। कार्यक्रम के अंत में फाउंडेशन की ओर से विद्यार्थियों को स्टेशनरी सामग्री वितरित की गई और जलपान की व्यवस्था भी की गई।
विद्यालय की प्राचार्य सुषमा यादव ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा, “ऐसे संवाद छात्रों को समुदाय की वास्तविक समस्याओं से जोड़ते हैं। यह कार्यक्रम न केवल जागरूकता बढ़ाता है बल्कि बच्चों को जलवायु कार्रवाई के लिए जिम्मेदारी लेने के लिए भी प्रेरित करता है।” क्लाइमेट कैंपस वार्तालीप’ हरियाणा में ग्रीन पेंसिल फाउंडेशन द्वारा युवाओं को नेतृत्व, पर्यावरणीय जिम्मेदारी और सतत विकास की दिशा में प्रेरित करने की एक और अहम पहल है।