अबू धाबी से गोल्ड मेडल लेकर लौटे रविदत्त का जोरदार स्वागत
punjabkesari.in Wednesday, Feb 18, 2026 - 07:36 PM (IST)
गुड़गांव, ब्यूरो): अबू धाबी में आयोजित हुई मास्टर्स कराटे चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल लेकर लौटे गांव राठीवास के बेटे रवि दत्त भारद्वाज का ग्राम पंचायत द्वारा भव्य स्वागत किया गया। दिल्ली पुलिस में कार्यरत रवि दत्त भारद्वाज ने अबू धाबी में सम्पन्न हुए ओपन मास्टर्स गेम्स में एक गोल्ड मेडल और एक सिल्वर मेडल जीतकर अंतर्राष्टीय स्तर पर अपने गांव, जिला और हरियाणा का नाम रोशन किया। चाचा एडवोकेट बलवान भारद्वाज व महेंद्र भारद्वाज ने बताया 6 से 15 फरवरी तक अबू धाबी में आयोजित की गई इस प्रतियोगिता में दुनियाभर के खिलाड़ियों को हराकर रवि दत्त भारद्वाज ने यह उपलब्धि हासिल की है।
आज न केवल उन्हे बल्कि पूरे गांव को रविदत्त पर गर्व है। एनएच-48 राठीवास मोड़ से रिसिव करते हुए चैंपियन रविदत्त को डीजे व ढोल की थाप पर सैकड़ों बाईक व कार काफिले के साथ गांव का चक्कर लगाया गया। प्रत्येक चौराहे पर ग्राम वासियों अपने लाल का फूलमालाओं से भव्य स्वागत किया। इसके अलावा, बाबा चंद्र दास मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा आयोजित राठीवास खेल महोत्सव के मंच पर मुख्य अतिथि राजवीर चौधरी एवं सरपंच मोतीराम राठी ने भी रविदत्त भारद्वाज को ग्राम गौरव स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रहलाद सिंह, सूबेदार मेजर ओमप्रकाश, मा. लक्ष्मीनारायण, धर्मेन्द्र राठी, पं. भरत सिंह, मंगल भारद्वाज, परमानन्द शर्मा, मनजीत दिनोकरी, चरण सिंह ठेकेदार आदि सहित बाबा चंद्र दास मेमोरियल ट्रस्ट के सदस्य भी उपस्थित रहे।