अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए रास्ते बंद

punjabkesari.in Wednesday, Apr 22, 2026 - 01:00 PM (IST)

नूंह, (ब्‍यूरो): जिले में अवैध खनन पर लगाम कसने के लिए नूंह पुलिस ने एक बार फिर सख्त कदम उठाया है। थाना बिछौर क्षेत्र के हथनगांव पहाड़ में अवैध खनन के लिए उपयोग किए जा रहे रास्तों को जेसीबी से कटवाकर बंद कर दिया गया है।

 

पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई के तहत पहाड़ की ओर जाने वाले करीब चार से पांच रास्तों को पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया गया है, ताकि खनन गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके। इसके साथ ही इलाके में निगरानी भी बढ़ा दी गई है। थाना बिछौर के अतिरिक्त प्रभारी एसआई इंदरजीत के अनुसार, यह कार्रवाई अवैध खनन को रोकने के उद्देश्य से की गई है और आगे भी इसी तरह की सख्ती जारी रहेगी। पुलिस ने बताया कि हाल के दिनों में क्षेत्र में अवैध खनन की शिकायतें मिल रही थीं।

 

इन सूचनाओं के आधार पर पुलिस टीमों ने मौके का निरीक्षण किया और फिर जेसीबी मशीन बुलाकर अरावली क्षेत्र में जाने वाले रास्तों को खोदकर बंद कर दिया। उन्होंने यह भी बताया कि हथनगांव क्षेत्र में अवैध खनन के कारण पहाड़ के खिसकने की आशंका भी सामने आई है, जिसकी जांच की जा रही है। जिला पुलिस अधीक्षक अर्पित जैन के निर्देश पर अवैध खनन जैसी गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। एसपी अर्पित जैन ने स्पष्ट कहा कि जिले में अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उपयोग में लाए जाने वाले वाहनों को भी जब्त किया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Gaurav Tiwari

Related News

static