भाजपा के 100 दिन कांग्रेस के 55 साल पर भारी : भाटिया

punjabkesari.in Tuesday, Feb 18, 2020 - 08:44 AM (IST)

फरीदाबाद (महावीर) : करनाल लोकसभा से भाजपा के सांसद व हरियाणा भाजपा के महामंत्री संजय भाटिया ने कहा कि भाजपा सरकार के 100 दिन के कार्य कांग्रेस के 55 साल के कार्यों पर भारी हैं। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा व प्रदेश अध्यक्ष कुमारी शैलजा के बयानों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस की दुकान अब बंद हो चुकी है। भाटिया यहां दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में पत्रकारवार्ता को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने मीडिया को सरकार की 100 दिन की उपलब्धियां भी गिनवाईं। इसके साथ-साथ उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार के 100 दिन के कार्यों की सभी ने सराहना की है लेकिन कांग्रेसियों को केवल विरोध करना आता है। यदि कांग्रेस का विरोध तर्कपूर्ण होता तो शायद कोई लाभ मिलता लेकिन कांग्रेस के विरोध में कोई दम नहीं है।

गौरतलब है कि सरकार के 100 दिन के रिपोर्ट कार्ड को पेश किए जाने के बाद कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा व कुमारी शैलजा ने 100 दिन के कार्यकाल को झूठ का पुलिंदा करार दिया था। उसका ही जवाब देने के लिए भाजपा की ओर से सांसद संजय भाटिया को मैदान में उतारा गया। संजय भाटिया ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कांग्रेस व भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर जमकर कटाक्ष किए। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में डूबे हुए नेता अब आर्थिक सर्वेक्षण की बात कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हरियाणा में नौकरियां अब बेची नहीं जातीं। दलाली में जुटे बिचौलियों की अब छुट्टी की जा चुकी है जोकि भाजपा सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने अप्रत्यक्ष रूप से भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधते हुए कहा कि जो किसानों की जमीन दबाव बनाकर लूटते थे और बाद में अपने चहेतों को दे देते थे, ऐसे धंधे में लिप्त लोग भी अब ईमानदार भाजपा सरकार से हिसाब मांगते हैं।

संजय भाटिया आज काफी आक्रामक रुख में नजर आ रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार की इससे बड़ी उदारता क्या होगी कि विपक्ष के विधायकों को भी भाजपा विधायकों के समान विकास राशि दी जा रही है। दिल्ली में केजरीवाल सरकार पुन: बनने के संदर्भ में पूछे गए सवाल में उन्होंने कहा कि भाजपा का दिल्ली में बेहतर प्रदर्शन रहा है और वोट बैंक भी काफी बढ़ा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Isha

Recommended News

Related News

static