करनाल में दर्दनाक हादसा! कैंटर की तेज रफ्तार बनी काल…एक टक्कर और छीन ले गई 18 वर्षीय युवक की जिंदगी
punjabkesari.in Friday, Apr 24, 2026 - 12:24 PM (IST)
करनाल : हरियाणा के करनाल से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। इस हादसे में 18 वर्षीय युवक की जान चली गई। वहीं इस भयानक घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया है। माता-पिता अपने इकलौते बेटे की मौत से गहरे सदमे में है।
मिली जानकारी के अनुसार, शहर के बड़ा गांव क्षेत्र की है। मृतक की पहचान कृष के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसके पिता बलवान ने उसे फोन कर बड़ा गांव अड्डे पर बुलाया था, ताकि वह बाइक से उन्हें घर ले जा सके। कृष अपने पड़ोसी की बाइक लेकर पिता को लेने के लिए निकला था। इसी दौरान जयरामपुर रोड पर एक तेज रफ्तार कैंटर काल बनकर आया और उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि कृष गंभीर रूप से लहूलूहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।
घटना की सूचना एक स्कूल बस चालक ने कृष के पिता को दी। अनहोनी की आशंका में जब पिता मौके पर पहुंचे तो उन्होंने अपने बेटे को एंबुलेंस में खून से लथपथ देख दहल गए। घायल कृष को तुरंत करनाल के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अज्ञात कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब फरार चालक की तलाश में छापेमारी कर रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।