करनाल में एनएच-44 पर भयानक सड़क हादसा: 9 वाहनों की आपस में जोरदार टक्कर, मची चीख-पुकार

punjabkesari.in Monday, Apr 20, 2026 - 03:07 PM (IST)

करनाल : हरियाणा के करनाल में एक भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर दो बसों सहित कुल नौ वाहन आपस में टकरा गए। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। 

मिली जानकारी के अनुसार, हादसा रविवार राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर तरावड़ी और शामगढ़ के बीच फ्लाईओवर का है। बताया जा रहा है कि दिल्ली के उत्तम नगर से श्रद्धालुओं का एक दल दो बसों में सवार होकर पंजोखरा साहिब गुरुद्वारा जा रहा था। जैसे ही काफिला शामगढ़ गांव के पास फ्लाईओवर पर पहुंचा, आगे चल रहे एक कार ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इसके चलते पीछे आ रहे वाहनों की रफ्तार नहीं संभल पाई और एक के बाद एक टक्कर होती चली गई। वहीं दो बसों समेत कुल नौ वाहन आपस में टकरा गए।

हादसे में 13 लोग हुए घायल

बताया जा रहा है कि इस दुर्घटना में कुल 13 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को तुरंत तरावड़ी के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वहां मौजूद लोग हादसे का मंजर देख कांप गए।

घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही तरावड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर करीब एक घंटे में यातायात बहाल कराया। पुलिस ने सभी वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static