हरियाणा में इनेलो के पक्ष में चल रही है 1987 जैसी लहर: अभय चौटाला

punjabkesari.in Sunday, Jun 11, 2023 - 11:42 PM (IST)

चंडीगढ़: इनेलो के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव चौधरी अभय सिंह चौटाला का कहना है कि आज प्रदेश भर में 1987 जैसी इनैलो की लहर चल रही है और जनता ने इस बार बदलाव का मन बना लिया है और लोगों के उत्साह से साफ नजर आ रहा है कि  2024 में इनैलो की सरकार बनेगी और  फिर से वही सुशासन का दौर आएगा और प्रदेश विकास की पटरी पर दौड़ेगा। अभय चौटाला अपनी परिवर्तन पदयात्रा के 101वें दिन सिरसा जिला के रानियां विधानसभा क्षेत्र के गांवों में जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे। गृह जिला सिरसा में प्रवेश के बाद इन 5 दिनों में यात्रा का जगह-जगह जबरदस्त स्वागत किया गया। इस दौरान उमड़ी भीड़ से गदगद इनैलो नेता ने कहा कि आज परिवार पहचान पत्र की आड़ में लाखों परिवारों के पीले राशन कार्ड काट दिए गए। बजुर्गों की पैंशन भी काट दी गई। अब सरकार ने एक नया तुगलकी फरमान जारी कर दिया है कि जिन परिवारों के बैंक में खाते हैं, आधार कार्ड से लिंक करवाएं। ऐसा न करने पर 10-10 हजार रुपए जुर्माना भरना पड़ेगा। आधार कार्ड लिंक करवाने के नाम पर 1100 रुपए फीस ली जा रही है। एक गरीब आदमी कैसे इतनी रकम भरेगा? इस बात का कोई जवाब अधिकारियों के पास नहीं है। अभय चौटाला ने सभी के प्रति आभार जताया और कहा कि इनैलो की हरियाणा परिवर्तन पदयात्रा को हर वर्ग ने अपनी यात्रा मानते हुए बदलाव का संकल्प ले लिया है। उन्होंने कहा कि इनैलो का ध्येय सत्ता प्राप्ति नहीं बल्कि सत्ता को जनसेवा का माध्यम मानते हुए प्रदेश को नई दिशा देना और जननायक चौधरी देवी लाल के सपनों को साकार रूप देना है। उन्होंने अपने संबोधन में ग्रामीणों से कहा कि भाजपा सबसे बड़ी जनविरोधी पार्टी है। भाजपा सरकार देश और प्रदेश को दोनों हाथों से लूट रही है। 

पदयात्रा से हरियाणा में बना बदलाव का माहौल

 

अभय सिंह चौटाला ने कहा कि परिवर्तन पदयात्रा से हरियाणा में तो बदलाव का माहौल बना ही है, साथ ही इनैलो के कार्यकत्र्ताओं में भी जोश पैदा हो रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों के इसी समर्थन और सम्मान को देखते हुए वे बड़े दावे के साथ ये बात कह सकते हैं कि आने वाला समय निश्चित तौर पर इनैलो का ही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की भाजपा गठबंधन सरकार ने झूठ और फरेब की राजनीति करके पूरे प्रदेश को विनाश की ओर धकेल दिया है, मगर अब लोग इस गठबंधन सरकार से बदला लेने का मन बना चुके हैं, जिससे साफ जाहिर है कि आने वाले चुनावों में न केवल भाजपा-जजपा का सफाया हो जाएगा बल्कि प्रदेश के हित के लिए लोग इनैलो की ही सरकार बनाएंगे। चौ. अभय चौटाला ने कहा कि प्रदेश की गठबंधन सरकार का दोगला चेहरा लोगों के सामने आ गया है। सरकार ने गरीबों के राशनकार्ड काट दिए। बी.पी.एल. परिवारों को मिलने वाली सुविधाओं में रोड़े अटका दिए हैं। प्रदेश की इस गठबंधन सरकार ने विकास की बजाए लोगों से फरेब किया है। उन्होंने कहा कि लोगों को अब इनैलो के शासनकाल की याद आने लगी है और लोग अब प्रदेश में बड़ा बदलाव लाना चाहते हैं। इनैलो के शासनकाल में सरकार जनता के द्वार पर होती थी और चौधरी ओम प्रकाश चौटाला मौके पर ही जनता की समस्याओं का निपटारा करते थे। अब तो देश और प्रदेश का हर वर्ग दुखी है और अपने हक अधिकार के लिए सरकार के समक्ष आवाज उठा रहा है। 

 

100 दिनों में 1 हजार गांवों में पहुंचे अभय चौटाला

 

अभय चौटाला ने अपनी यह पदयात्रा 24 फरवरी को मेवात के गांव सिंगार से शुरू की थी। अब तक इस यात्रा को 100 दिन पूरे हो चुके हैं। 100 दिन पूरे होने पर पार्टी की ओर से एक पोस्टर जारी किया गया, जिसमें अभय सिंह चौटाला के पीछे भीड़ दिखाई दे रही है। इस पोस्टर के जरिए अभय सिंह ने 100 दिनों में जनता से समर्थन के लिए आभार भी जताया है।  इनैलो नेता का कहना है कि उनकी यात्रा को 100 दिन पूरे हो चुके हैं। इस दौरान 52 विधानसभा क्षेत्रों को कवर करते हुए वे 1000 गांवों में जाकर करीब 2100 किलोमीटर पैदल चलकर लोगों के बीच पहुंचे हैं। प्रत्येक गांव में हर वर्ग इस भाजपा गठबंधन सरकार से हताश और परेशान है। उन्होंने कहा कि अब तक लाखों लोग उनकी यात्रा का हिस्सा बन चुके हैं। अब हरियाणा में बदलाव आना निश्चित है। प्रदेश में बदलाव आएगा तो सभी वर्गों को राहत दी जाएगी। उन्होंने कहा कि 24 सितंबर को उनकी यह यात्रा कुरुक्षेत्र में पहुंचेगी और 25 सितंबर को चौधरी देवीलाल के जन्मदिवस पर कुरुक्षेत्र में एक ऐतिहासिक रैली की जाएगी। इस सम्मान दिवस समारोह में विपक्ष के कई बड़े नेता शिरकत करेंगे। 

                 (हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)           

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ajay Kumar Sharma

Related News

static