रोहतक में प्रेमी युगल हत्याकांड में 2 आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ में सामने आया खौफनाक सच; जानकर उड़ेंगे होश
punjabkesari.in Thursday, Oct 08, 2026 - 09:46 AM (IST)
रोहतक (दीपक भारद्वाज) : रोहतक के हसनगढ़ गांव में प्रेमी युगल की हत्या कर नहर में फेंकने के मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को काबू कर लिया। आरोपियों को 4 दिन के रिमांड पर लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। साथ ही हत्या को अंजाम देने के पीछे क्या वजह रही, इसके बारे में भी पूछा जा रहा है।
आसौदा थाना एरिया में नहर के अंदर 4 अक्टूबर की शाम को एक महिला व एक पुरुष का शव मिला था, जिनकी पहचान दिल्ली निवासी संदीप पुत्र राजसिंह व यूपी निवासी कविता के रूप में हुई। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। गांव हसनगढ़ के रहने वाले दो युवकों ने इनकी हत्या कर शव को खुर्दबुर्द करने के लिए नहर में फेंका था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। संदीप व कविता दोनों गाड़ी लेकर खरखौदा मोड़ पर गए, जहां अपने 2 दोस्तों नितेश पुत्र सुभाष व नितेश पुत्र शिवनाराण को बीयर लेकर आने के लिए कहा। दोनों आरोपी जब बीयर लेकर गए तो बीयर पीने के दौरान कविता व संदीप का झगड़ा हो गया। झगड़े के दौरान संदीप ने बीयर की बोतल से कविता की हत्या कर दी।
कविता की हत्या करने के बाद संदीप का अपने दोस्तों के साथ भी झगड़ा हो गया। झगड़ा इतना बढ़ गया कि नितेश ने बीयर की बोतल से संदीप की हत्या कर दी। हत्या करने के बाद दोनों आरोपी घबरा गए और संदीप व कविता के शवों को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। आरोपियों ने दोनों के शव नहर में फेंक दिए और गाड़ी लेकर फरार हो गए। दोनों के शव आसौदा एरिया में मिले। संदीप की हसनगढ़ गांव में परचून की दुकान थी, जिसे करीब 3-4 माह पहले ही छोड़ दिया और यूपी निवासी कविता के साथ गांव आकर रहने लगा। इसके बाद भी हसनगढ़ आना-जाना लगा रहता। संदीप जब हसनगढ़ में रहता था तो आरोपी नितेश उनके पड़ोस में ही रहते थे, जिनके साथ अच्छी जान-पहचान थी।
संदीप की 30 सितंबर को अपनी मां से बात हुई, जिसने कहा कि वह हसनगढ़ में नितेश के साथ है और एक-दो दिन में वापस आ जाएगा। 30 सितंबर के बाद संदीप का फोन बंद हो गया, जिससे परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। संदीप का भाई राकेश उन्हें खोजने के लिए हसनगढ़ पहुंचा, जहां दोनों की हत्या होने के बारे में पता चला। सांपला थाना इंचार्ज महेंद्र सिंह ने बताया कि हसनगढ़ में महिला व पुरुष की हत्या करने के मामले में दो आरोपियों को काबू किया है। दोनों आरोपियों को 4 दिन के रिमांड पर लिया गया है। हत्या करने के पीछे क्या कारण रहे, इसके बारे में पूछताछ की जा रही है। जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा।