छात्रा से दुष्कर्म करने वाले सगे भाइयों सहित 3 को 10-10 साल की कैद

punjabkesari.in Tuesday, Mar 20, 2018 - 08:28 AM (IST)

सोनीपत(ब्यूरो): अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश डा. सुनीता ग्रोवर की अदालत ने छात्रा को शादी का झांसा देकर भाइयों संग मिलकर रेप करने के मामले में 4 लोगों को दोषी करार दिया है। दोषियों में 2 सगे भाई व उनके ताऊ का लड़का और पी.जी. हॉस्टल संचालिका शामिल है। तीनों भाइयों को अदालत ने 10-10 साल व हॉस्टल संचालिका को षड्यंत्र में 7 साल कैद की सजा सुनाई है। उन पर 10-10 हजार रुपए जुर्माना भी किया गया है।

शहर की रहने वाली एक छात्रा ने 20 दिसम्बर, 2014 को महिला थाना में शिकायत दी थी कि भगत सिंह कालोनी, कालूपुर चुंगी निवासी पवन ने शादी का झांसा देकर पहले अपने भाइयों से दुष्कर्म कराया और बाद में खुद उससे दुष्कर्म किया। आरोपियों ने उसे एक पी.जी. हॉस्टल में रखा और उससे संबंध बनाते रहे। छात्रा ने बताया कि पवन मोबाइल की दुकान चलाता था।

उसकी एक सहेली के माध्यम से वह पवन की दुकान पर गई थी। वहां पर आरोपी ने उसकी सहेली से उसका मोबाइल नम्बर लिया था। बाद में उसे झांसे में ले लिया था। छात्रा ने बताया था कि वह आरोपी के कहने पर 17 अक्तूबर, 2014 को अपने घर से भाग आई थी। आरोपी ने उसे चंडीगढ़ भेजा था। बाद में वह नहीं आया था। 

एक दिन बाद उसने उसे पानीपत बुला लिया था। वहां से उसका भाई नीरज उसे सोनीपत ले आया था। 19 अक्तूबर, 2014 को आरोपी ने उससे अभी शादी करने से मना कर दिया था। साथ ही उसे झांसे में लेकर अपने भाई नीरज के साथ रोहतक रोड स्थित पी.जी. हॉस्टल में मालकिन रीना के पास भेज दिया था। 

यहां पर नीरज ने 20 अक्तूबर, 2014 को उसे जूस में नशीला पदार्थ पिलाकर उससे दुष्कर्म किया था। बाद में होश में आने पर जब उसे दुष्कर्म का पता लगा था तो आरोपी ने उसकी वीडियो क्लिप बनाने की बात कही थी। साथ ही उसे वायरल करने की धमकी दी थी। बाद में आरोपी का भाई पवन व ताऊ का लड़का गौरव भी पी.जी. हॉस्टल में आ गए थे। 

उसके बाद आरोपियों ने उसे डराकर उससे कई बार दुष्कर्म किया था। इसी बीच 25 अक्तूबर, 2014 को पी.जी. हॉस्टल में पुलिस ने रेड कर उसे बरामद कर लिया था। हालांकि इससे पहले ही हॉस्टल संचालिका रीना ने उसे धमकी दी थी। जिसके डर में वह चुप रही और अपने माता-पिता के साथ जाने से मना कर दिया था। वह वापस हॉस्टल में आ गई थी। बाद में लगातार शारीरिक प्रताडऩा से तंग आकर 6 नवम्बर, 2014 को वह निकल गई थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Punjab Kesari

Recommended News

Related News

static