गाड़ी बैक करते वक्त चालक ने 3 साल की मासूम को कुचला, मौत
punjabkesari.in Wednesday, Aug 19, 2026 - 08:06 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): सेक्टर-46 स्थित अंबेडकर चौक के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन वर्षीय मासूम बच्ची की जान चली गई। घर के बाहर खाली प्लॉट में खेल रही मासूम को एक अज्ञात कार चालक ने लापरवाही से गाड़ी बैक करते हुए कुचल दिया। हादसे के बाद चालक मौके से गाड़ी लेकर फरार हो गया। गंभीर हालत में बच्ची को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सेक्टर-50 थाना पुलिस ने पीड़ित पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस को दी गई शिकायत में मूलरूप से बिहार के शेखपुरा निवासी संतोष चौधरी ने बताया कि वह वर्तमान में मकान नंबर अंबेडकर चौक सेक्टर-46 में किराए पर अपने परिवार के साथ रहते हैं और ऑटो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। मंगलवार शाम को साढ़े छह बजे उनकी सबसे छोटी बेटी तीन वर्षीय रुषी घर के बाहर स्थित खाली प्लॉट में खेल रही थी। शिकायत के अनुसार, उसी दौरान एक कार चालक अपनी गाड़ी को तेज रफ्तार और लापरवाही से बैक कर रहा था। चालक ने पीछे खेल रही बच्ची को ध्यान से नहीं देखा और कार उसके ऊपर चढ़ा दी। हादसे में मासूम रुषी को गंभीर चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद आरोपी चालक रुकने के बजाय मौके से गाड़ी लेकर तेजी से फरार हो गया।
घटना के तुरंत बाद बच्ची के नाना शैलेंद्र चौधरी उसे आनन-फानन में इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान डॉक्टर उसे बचा न सके और मासूम ने दम तोड़ दिया। अस्पताल से मिली सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कागजी कार्रवाई शुरू की। थाना सेक्टर-50 पुलिस ने पीड़ित पिता संतोष चौधरी के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस गाड़ी नंबर के आधार पर आरोपी चालक की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।