चानौत में पानी के लिए 31 दिन से आंदोलन, अनशन के दौरान 81 वर्षीय बुजुर्ग की बिगड़ी हालत; 18 जून को ट्रैक्टर मार्च का ऐलान
punjabkesari.in Tuesday, Jun 16, 2026 - 03:43 PM (IST)
चानौत : ग्राम चानौत की पेयजल समस्या के समाधान की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के आज 31 दिन पूरे हो गए। वहीं गांव के पांच ग्रामीणों द्वारा शुरू किया गया आमरण अनशन आज सातवें दिन में प्रवेश कर गया है।
अनशनकारियों की बिगड़ी हालत
लगातार कई दिनों से केवल पानी के सहारे बैठे अनशनकारियों की स्वास्थ्य स्थिति लगातार बिगड़ रही है, जिससे ग्रामीणों में चिंता और रोष बढ़ता जा रहा है। अनशनकारियों में 81 वर्षीय टेकराम दूहन व राजकुमार धानक का शुगर लेवल 55 से भी नीचे आ गया है।
18 जून को ट्रैक्टर मार्च का ऐलान
धरना स्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि गांव के बुजुर्ग और युवा अपने भविष्य तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अभी तक प्रशासन और सरकार की ओर से समस्या के स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। धरना कमेटी ने घोषणा की है कि 18 जून को चानौत गांव से लघु सचिवालय हांसी तक विशाल ट्रैक्टर मार्च निकाला जाएगा। इसके लिए गांव और क्षेत्र में व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। धरना कमेटी के सदस्य घर-घर और गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं तथा ट्रैक्टर मार्च में शामिल होने का आह्वान कर रहे हैं। कमेटी के अनुसार 18 जून को हजारों ट्रैक्टरों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ चानौत धरनास्थल से लघु सचिवालय हांसी तक मार्च निकाला जाएगा।
धरना कमेटी ने कहा कि यह संघर्ष गांव के अस्तित्व और पीने के पानी के अधिकार की लड़ाई है। जब तक चानौत गांव को स्थायी पेयजल व्यवस्था नहीं मिलती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।ग्रामीणों ने क्षेत्र के सभी गांवों, किसान संगठनों, खाप पंचायतों, सामाजिक संगठनों और आम जनता से 18 जून के ट्रैक्टर मार्च में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।