Strict Action: पराली जलाने पर 35 किसान गिरफ्तार, 4 पुलिसकर्मी व 5 अधिकारी निलंबित... 23 को नोटिस
punjabkesari.in Friday, Nov 14, 2025 - 10:22 AM (IST)
डेस्क: हरियाणा में पराली जलने की घटनाएं व प्रदूषण बढ़ने के साथ प्रशासन ने सख्ती भी बढ़ा दी है। वीरवार को जींद में पराली जलाने वाले 35 किसानों को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, फतेहाबाद में पराली जलने से रोकने में नाकाम चार पुलिसकर्मी, हिसार में तीन नोडल अधिकारी, सिरसा के ऐलनाबाद में पटवारी हिमांशु व ग्राम सचिव प्रदीप कुमार को निलंबिक कर दिया गया। फतेहाबाद में 23 अन्य पुलिसकर्मियों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है। फतेहाबाद व जींद में यह कार्रवाई फसल अवशेष जलाने के मामलों में पिछले एक सप्ताह में आई तेजी के बाद की गई है।
जींद में अभी तक 78 किसानों पर केस दर्ज हो चुके हैं जिनमें से 32 गिरफ्तार किए गए। इन किसानों से कुल 3.20 लाख रुपये जुर्माना व 78 की जमीन रेड एंट्री में दर्ज की गई। जींद के एसपी कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस बल को पराली प्रोटेक्शन फोर्स के साथ तैनात किया गया है। अगर अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ काेई विवाद होता है तो पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी।
जिला प्रशासन के अनुसार फतेहाबाद में पिछले एक सप्ताह में 50 जगहों पर पराली जलने की जानकारी मिली। यहां पराली जलने के कुल 75 केस आए हैं। जांच के बाद 19 के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। उन पर 1.80 लाख रुपये जुर्माना लगाया जा चुका है जबकि जींद में प्रदेश में पराली जलाने के अब तक सबसे अधिक 132 मामले आए हैं। हालांकि जींद में गिरफ्तार सभी किसानों को शाम को जमानत पर छोड़ दिया गया। यहां डीसी ने किसानों को रोकने के लिए कृषि विभाग, सरपंच, ग्राम सचिव समेत अन्य अधिकारियों को फील्ड में उतार दिया है।
कृषि एवं कल्याण विभाग के अनुसार पराली जलाने के मामलों में अभी तक 175 किसानों की रेड एंट्री दर्ज की गई है। 188 किसानों पर पुलिस केस दर्ज कराए गए हैं। 9.50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है जिसमें से 7,05,000 रुपये की रिकवरी की जा चुकी है। अभी तक 118 नोडल अधिकारियों व सुपरवाइजरों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
हरियाणा के 16 और शहरों की हवा खतरनाक
भिवानी का एक्यूआई 345, चरखीदादरी का 349, फतेहाबाद का 340, जींद का 333, सोनीपत का 347, गुरुग्राम का 300, फरीदाबाद का 288, धारूहेड़ा का 299, अंबाला का 242, हिसार का 255, कैथल का 255, कुरुक्षेत्र का 252, मानेसर का 246, नारनौल का 203, पानीपत का 249 व यमुनानगर का 248 रहा।